News TOP STORIES नयी दिल्ली पंजाब राष्ट्रीय

राजनीतिक दल के गठन को लेकर आज फैसला लेंगे पंजाब के किसान संगठन


चंडीगढ़। पंजाब विधानसभा के लिए फरवरी 2022 में होने वाले चुनावों को लेकर सरगर्मियां तेज हो गई हैं। राजनीतिक दल तो इसके लिए सक्रिय हैं ही, अब किसान संगठन भी सक्रिय होने लगे हैं। खुद चुनाव मैदान में उतरने या किसी पार्टी को समर्थन देने के बारे में पंजाब के किसान संगठन आज फैसला लेंगे। 32 में से 25 किसान संगठन चुनाव मैदान में उतरने के लिए राजी हैं।

अन्य संगठनों से भी उनकी बात चल रही है, लेकिन जिन संगठनों के संविधान में चुनाव न लड़ने के बारे में स्पष्ट है, उनसे यह कहा जा रहा है कि वह किसानों के उम्मीदवारों को समर्थन दें। इसके अलावा किसान संगठनों में एक बात और भी स्पष्ट रूप से चल रही है कि वह खुद अपनी पार्टी बनाकर चुनाव में न उतरें, बल्कि आम आदमी पार्टी के साथ सीटों का तालमेल करें और उनसे उपमुख्यमंत्री का पद लें। शनिवार को इस संबंध में किसान संगठन चंडीगढ़ के सेक्टर 36 स्थित कन्वेंशन हाल में एक मीटिंग करके मीडिया के जरिए अपना फैसला सुना देंगे।

बता दें, दिल्ली बार्डर पर आंदोलन के दौरान ही कई किसान संगठन चुनाव मैदान में उतरने की बात कह चुके थे। इसको लेकर किसान संगठनों के बीच आपसी खींचतान भी दिखी। कई संगठनों का कहना था कि यह उचित नहीं है। इस बीच किसान नेता गुरनाम सिंह चढ़ूनी पहले ही पार्टी की घोषणा कर चुनाव लड़ने का ऐलान कर चुके हैं। हालांकि चढ़ूनी की कहना है कि वह खुद चुनाव नहीं लड़ेंगे।

गत सप्ताह पार्टी गठन के बाद चढ़ूनी ने कहा था कि वह पंजाब की सभी 117 सीटों पर चुनाव लड़ेंगे। उन्होंने कहा कि राजनीति दूषित हो चुकी है। अब इसमें बदलाव की जरूरत है। वह अब सक्रिय राजनीति करेंगे। गुरनाम सिंह चढ़ूनी भारतीय किसान यूनियन के हरियाणा प्रमुख हैं। चढ़ूनी ने कहा कि उनकी पार्टी किसानों, गरीबों व आम आदमी की लड़ाई लड़ेगी।