Latest News नयी दिल्ली मनोरंजन राष्ट्रीय

राजनीति कंगना के खून में, दादा भी रह चुके हैं विधायक


मंडी, । कंगना के सक्रिय राजनीति में आने की काफी समय से चर्चा चल रही थी। पर अब जब उन्‍होंने मंडी सीट से आगामी लोकसभा चुनाव लड़ने की बात की तो पत्ते खुल गए हैं तो प्रदेश की राजनीति में गरमाहट आ गई है। तीन वर्षों में कंगना की भाजपा के साथ नजदीकी बढ़ी है। महाराष्ट्र की उद्धव सरकार के साथ हुए विवाद के बाद केंद्र की मोदी व प्रदेश सरकार ने उन्हें वाई प्लस सुरक्षा उपलब्ध कराई थी। इसके लिए उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर का आभार जताया था। वह तीनों नेताओं से मिली थी। भाजपा के साथ बढ़ती नजदीकियों से उनके कभी भी सक्रिय राजनीति में आने की संभावना जताई जा रही थी।

कंगना ने कही मन की बात

2024 के लोकसभा चुनाव नजदीक आते देख कंगना ने अब अपने मन की बात उजागर कर दी है। उनके दादा ठाकुर सरजू सिंह मंडी जिले की गोपालपुर सीट से विधायक रह चुके हैं। कंगना मंडी संसदीय क्षेत्र की रहने वाली हैं। उनके पैतृक घर सरकाघाट विधानसभा क्षेत्र के भांबला में हैं जबकि उन्होंने अपना घर मनाली में बनाया है। ये दोनों स्थान मंडी संसदीय क्षेत्र में हैं। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर कुछ दिन पहले भाजपा नेताओं के साथ उनके मनाली स्थित घर पर नाश्ता करने पहुंचे थे। कंगना के पिता अमरदीप सिंह रणौत ने बेटी के राजनीति में आने के निर्णय का स्वागत किया है।

क्या है मंडी संसदीय की वर्तमान स्थित‍ि

2019 के लोकसभा चुनाव में यहां से भाजपा के प्रत्याशी रामस्वरूप शर्मा, कांग्रेस प्रत्याशी प्रतिभा वीरभद्र सिंह को करीब चार लाख मतों से हराया था। रामस्वरूप शर्मा के देहांत के बाद उपचुनाव में कांग्रेस की प्रतिभा वीरभद्र सिंह ने यहां से भाजपा प्रत्याशी सेवानिवृत्त ब्रिगेडियर खुशाल ठाकुर को हराया था। हालांकि भाजपा के अगली पंक्ति के कई नेता लोकसभा चुनाव की दावेदारी के लिए स्वयं को तैयार कर रहे हैं किंतु सच यह है कि मंडी में भाजपा के पास कोई बड़ा चेहरा नहीं है। ऐसे में माना जा रहा है कि भाजपा भी कंगना के लिए सकारात्मक ही सोच रखेगी।

शनिवार को जताई इच्‍छा

डेढ़ वर्ष से जारी अटकलों पर विराम लगाते हुए अंतत: अभिनेत्री कंगना रणौत ने राजनीति में आने की इच्छा जताई है। वह 2024 में भारतीय जनता पार्टी की टिकट पर चुनाव लड़ना चाहती हैं। शनिवार को यहां एक कार्यक्रम में कंगना ने कहा कि वह हिमाचल प्रदेश में अपने गृहजिला यानी मंडी क्षेत्र के लोगों की भलाई के लिए काम करना चाहती हैं। पार्टी चाहे तो उन्हें यह अवसर दे सकती है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा की उपस्थिति में अपनी इच्छा जता कर उन्होंने मंडी से चुनाव लड़ने की इच्छा रखने वाले नेताओं की चिंता बढ़ा दी है। हिमाचल में अभी सबका ध्यान विधानसभा चुनाव पर है जहां भाजपा रिवाज बदल कर पुन: सरकार बनाना चाहती है। दो साल के बाद लोकसभा चुनाव होने हैं।