Latest News नयी दिल्ली राजस्थान राष्ट्रीय

राजस्थान के मंत्री परसादी लाल मीणा के बिगड़े बोल, भगवान राम से की राहुल गांधी की तुलना; कांग्रेस ने दी सफाई


जयपुर, । राजस्थान की गहलोत सरकार के स्वास्थ्य मंत्री परसादीलाल मीणा (Parsadilal Meena) ने राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा तुलना भगवान राम (Rahul Gandhi compared to Lord Shri Ram) से कर डाली। मंत्री परसादीलाल मीणा ने कहा कि भगवान श्री राम अयोध्या से श्रीलंका तक पैदल गए थे। लेकिन वर्तमान में राहुल गांधी कन्याकुमारी से कश्मीर तक पैदल यात्रा निकाल रहे हैं। ऐसे में राहुल गांधी भगवान राम से भी ज्यादा पैदल जाएंगे। उन्होंने कहा कि इतिहास में आज तक ना तो कोई इतनी लंबी यात्रा निकाल पाया है और ना ही निकालेगा। मीणा का यह बयान चर्चा का विषय बना हुआ है।

मंत्री परसादीलाल मीणा ने यह बयान सोमवार को दौसा जिले के लालसोट इलाके के बगड़ी गांव में दिया। मीणा ने कहा कि भारत जोड़ो यात्रा में राहुल गांधी श्रीराम से भी ज्यादा पैदल यात्रा करेंगे। आज तक इतनी यात्रा ना तो किसी ने की है और ना ही कोई कर सकेगा। उन्होंने कहा कि यह ऐतिहासिक यात्रा है। देश को बदलने के लिए राहुल गांधी के द्वारा यात्रा निकाली जा रही है।

महाराष्ट्र कांग्रेस प्रमुख नाना पटोले ने दी सफाई

इस मुद्दे पर महाराष्ट्र कांग्रेस प्रमुख नाना पटोले ने कहा कि भगवान राम के नाम में ‘आर’ है और राहुल गांधी के भी नाम में आर है । यह एक संयोग है लेकिन हम भगवान राम की तुलना राहुल गांधी से नहीं कर रहे हैं। भाजपा अपने नेताओं के लिए ऐसा करती है। राहुल गांधी एक इंसान हैं और मानवता के लिए, देश के लिए काम कर रहे हैं।

आंध्र प्रदेश के कुरनूल पहुंची राहुल गांधी की यात्रा

इधर आपको बता दें कि राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा एक दिन के विश्राम के बाद फिर से आंध्र प्रदेश के कुरनूल से शुरू हो गई। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने इस यात्रा को अब तक 41वें दिन हो गए हैं। बता दें कि इस यात्रा के जरिए राहुल गांधी और कांग्रेस कार्यकर्ता 12 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से गुजरेंगे और कुल 3750 किमी का सफर पूरा करेंगे।