Latest News नयी दिल्ली पंजाब राजस्थान

राजस्थान-पंजाब के बीच गरमा रहा माहौल, किसानों ने खुद को रस्सियों से बांधकर किया सड़कों पर विरोध प्रदर्शन


श्री गंगानगर, । राजस्थान में किसानों को खेती की सिंचाई के लिए पानी की कमी का सामना करना पड़ रहा है। इसको लेकर किसानों में आक्रोश है और वह लगातार विरोध प्रदर्शन कर रहे है। गुरुवार को भी किसानों ने महाराजा गंगा सिंह चौंक पर प्रदर्शन किया और जमकर नारेबाजी की।

किसानों ने प्रशासन को धमकाया और कहा कि अगर सरकार ने उनकी मांगे नहीं मानी तो किसान आगे बड़े स्तर पर विरोध दर्ज करवाएंगे। उल्लेखनीय है कि किसानों को पिछले कई दिनों से गंगनहर में सिंचाई पानी की कमी से जूझना पड़ रहा है। किसान संघर्ष समिति, किसान आर्मी, भारतीय किसान यूनियन, जय किसान आंदोलन संगठन अनशन पर बैठे हुए हैं।

राजस्थान-पंजाब बॉर्डर पर हाइवे जाम

किसानों ने गुस्से में राजस्थान-पंजाब बॉर्डर हाइवे को जाम कर दिया था और आज उन्होंने खुद को बंधक बनाकर विरोध प्रदर्शन किया है।

किसान नेता संतवीर सिंह ने प्रदर्शन को लेकर कहा कि राजस्थान-पंजाब बॉर्डर पर लगाए जाम को तभी खोला गया जब हमे प्रशासन की तरफ से आश्वासन मिला था। लेकिन, गंगनहर में केवल 600 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है और राजस्थान का शेयर 2800 क्यूसेक है। श्रीगंगानगर के किसान बर्बाद हो जाएंगे। पंजाब सरकार हमारे साथ मनमानी कर रही है और राजस्थान सरकार हाथ पर हाथ धरे बैठी है।

 

किसान करेंगे घेराव

किसान नेता अमर सिंह ने कहा कि पंजाब सरकार के मनमानी हरकतों के कारण गंगनहर में पानी का उतार चढ़ाव बना हुआ है। पिछले 10 दिनों से नहरें सूखी पड़ी हुई हैं। किसानों का अब सब्र जवाब दे चुका है। अब वो जल्द ही कोई बड़ा कदम उठाएंगे। किसानों ने एलान किया कि आज किसान ट्रैक्टरों से जिला कलेक्ट्रेट का घेराव करेंगे।