Latest News नयी दिल्ली

राजीव गांधी की पुण्यतिथि पर राहुल गांधी समेत इन नेताओं ने दी श्रद्धांजलि


  • नई दिल्ली। भारत के पूर्व प्रधानमंत्री और कांग्रेस पूर्व वरिष्ठ नेता स्वर्गीय राजीव गांधी की आज 29वीं पुण्यतिथि है। इस अवसर पर कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी, महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा और पार्टी के कई अन्य वरिष्ठ नेताओं ने उन्हें श्रद्धांजलि दी और देश के विकास में उनके योगदान को याद किया।

राहुल गांधी ने सुबह ‘वीर भूमि’ जाकर अपने पिता की समाधि पर पुष्प अर्पित किए। उन्होंने ट्विटर पर अपने पिता की एक तस्वीर साझा करते हुए कहा, ‘सत्य, करुणा, प्रगति।’

प्रियंका गांधी ने किया याद
वहीं, प्रियंका गांधी वाड्रा ने भी अपने पिता को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने राजीव गांधी की एक तस्वीर साझा करते हुए ट्वीट किया, ‘प्रेम से बड़ी कोई ताकत नहीं है, दया से बड़ा कोई साहस नहीं है, करुणा से बड़ी कोई शक्ति नहीं है और विनम्रता से बड़ा कोई गुरु नहीं है।’ वहीं महाराष्ट्र में कांग्रेस नेता बालासाहेब थोराट ने पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की पुण्यतिथि पर उन्हें मुंबई में श्रद्धांजलि दी।

1984 में बने थे पीएम
राजीव गांधी 1984 से 1989 तक भारत के प्रधानमंत्री रहे थे। तमिलनाडु के श्रीपेरंबुदुर में 21 मई, 1991 को आम चुनाव के प्रचार के दौरान LTTE के एक आत्मघाती हमलावर ने राजीव गांधी की हत्या कर दी थी।

कई बार राजीव गांधी पर हुए आत्मघाती हमले
लिट्टे उग्रवादियों ने 1991 में 21 मई को देश के पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की जान ले ली थी। श्रीलंका में शांति सेना भेजने से नाराज तमिल विद्रोहियों के संगठन लिट्टे ने तमिलनाडु के श्रीपेरम्बदूर में राजीव पर आत्मघाती हमला किया था। स्वर्गीय राजीव गांधी श्रीपेरम्बदूर में लोकसभा चुनाव के लिए प्रचार कर रहे थे। तभी उनके पास एक महिला फूलों का हार लेकर आई और उनके बहुत करीब जाकर अपने शरीर को बम से उड़ा दिया। धमाका इतना जबरदस्त था कि उसकी चपेट में आने वाले ज्यादातर लोगों के मौके पर ही परखच्चे उड़ गए. 46 साल के राजीव गांधी भी उस हमले में नहीं बच पाए थे।