News TOP STORIES झारखंड नयी दिल्ली रांची

रायपुर से सीधे रांची विधानसभा में पहुंचाए जाएंगे झारखंड के विधायक


रायपुर, । Chhattisgarh News: झारखंड के विधायक (Jharkhand MLA) पांच सितंबर की सुबह तक छत्तीसगढ़ में नवा रायपुर (Raipur) के मेफेयर रिसोर्ट में ही रुकेंगे। रिसोर्ट की पांच सितंबर तक की बुकिंग करा ली गई है। पांच सितंबर को रांची विधानसभा (Ranchi Assembly) के विशेष सत्र के लिए विधायकों को सीधे यहां से विधानसभा पहुंचाया जाएगा। झारखंड में अस्थिरता के बीच चार दिन पहले विधायक यहां पहुंचे थे।

विधायकों को समय पर पहुंचाने का किया प्रबंध

झारखंड के विधायकों ने कहा कि पांच सितंबर को विधानसभा का आपातकालीन सत्र आयोजित किया गया है। वे इसमें शामिल होने के लिए पांच सितंबर की सुबह रवाना होंगे। एयरपोर्ट से विधायकों को सीधे विधानसभा पहुंचाने की तैयारी की जा रही है। कांग्रेस के उच्च पदस्थ सूत्रों की मानें तो झारखंड विधानसभा में विश्वास प्रस्ताव के लिए विशेष तैयारी की गई है। विधायकों को समय पर सुरक्षित पहुंचाने के लिए विशेष प्लेन का इंतजाम किया गया है। चार और पांच सितंबर को विशेष विमान की उड़ान भरने की अनुमति मांगी गई है। अगर कोई तकनीकी दिक्कत नहीं होती है, तो सभी विधायक एक साथ पांच सितंबर को उड़ान भरेंगे। इस बीच, झारखंड के भाजपा नेताओं का छत्तीसगढ़ दौरा शुरू हो गया है। भाजपा की राष्ट्रीय मंत्री और रांची की महापौर आशा लकड़ा गुरुवार को रायपुर पहुंचीं। बताया जा रहा है कि कुछ और नेता भी रायपुर आ सकते हैं।

विधायकों के रुकने के विरोध में युवा मोर्चा का प्रदर्शन

भारतीय जनता युवा मोर्चा के सौ से अधिक कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार दोपहर मेफेयर रिसोर्ट के बाहर प्रदर्शन किया। मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष अमित साहू ने कहा कि झारखंड की बेटी अंकिता सिंह को न्याय नहीं मिला और विधायक रायपुर में मौज कर रहे हैं। युवा मोर्चा कार्यकर्ता काले झंडे लेकर विरोध करने पहुंचे थे। पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर राखी थाने भेज दिया है।

विधायक तोड़ नहीं पाने पर किया प्रदर्शनः कांग्रेस

कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि विधायकों को तोड़ने में असफल रहने के बाद भाजपा कार्यकर्ता प्रदर्शन करने पहुंचे थे। झारखंड के विधायकों को अधिकार है कि वे छत्तीसगढ़ सहित देश के किसी भी राज्य में जाएं। सभी विधायक अपने दल और नेतृत्व की सहमति से आए हैं, इसमें भाजपा आपत्ति करने वाली कौन होती है?