Latest News नयी दिल्ली राष्ट्रीय

राष्ट्रपति चुनाव के लिए हरियाणा विधानसभा में मतदान जारी, सीएम मनोहरलाल ने भी डाला वोट


चंडीगढ़, । Presidential Election 2022 Voting : हरियाणा विधानसभा में राष्‍ट्र्पति चुनाव के लिए मतदान जारी है। हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल और उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला समेत राज्य के 90 विधायक, 10 लोकसभा सदस्य और पांच राज्यसभा सदस्य राष्ट्रपति चुनाव के लिए मतदान करेंगे। थोड़ी देर में मुख्‍यमंत्री मनोहरलाल भी मतदान किया।

मनोहरलाल  बाेले- हरियाणा से द्रोपदी मुर्मू को हमारी उम्‍मीद से ज्‍यादा वोट मिलेंगे   

मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि पूरे देशभर में सभी प्रदेशों के विधानसभा केंद्रीय स्तर पर सभी स्थानों पर मतदान हो रहा है। सुबह 10:00 बजे से मतदान जारी है और यह 5:00 बजे तक चलेगा। काफी वोटिंग हो चुकी है, जब मैंने वोट डाला था जब 48 वोट डल चुके थे। पता चला है कि कांग्रेस के लोग 3:00 बजे के बाद वोट डालने आएंगे। देश भर में यूपीए का जो गणित है वह सबको पता है जब 21 तारीख को काउंटिंग होगी तो एनडीए की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू जीत दर्ज कर 25 तारीख को राष्ट्रपति के पद के लिए शपथ लेंगी।

मनोहरलाल ने कहा कि मैं अपेक्षा करता हूं कि हरियाणा से हमारी संख्या से अधिक वोट द्रौपदी मुर्मू को मिलेंगे। जिस तरह राज्यसभा में हमारे गिनती से ज्यादा वोट मिले थे। चाहे राष्ट्रपति पद के लिए चाहे उपराष्ट्रपति पद के लिए उम्मीदवारों घोषणा की गई, वह बहुत सोच समझकी गई है। अच्छे पढ़े लिखे लोगों को उम्मीदवार बनाया गया। जगदीप धनखड़ उच्च कोटि के वकील रहे हैं, कुछ हरियाणा के मामले भी उनको दिए, जिनकी उन्होंने अच्छी पैरवी की।

 

चंडीगढ़ में राष्‍ट्रपति चुनाव के लिए मतदान करते भाजपा विधायक नरेंद्र गुप्ता और निर्दलीय विधायक नयनपाल रावत। (जागरण)

इससे पहले मतदान शुरू होने पर राज्‍य के कैबिनेट मंत्री कमल गुप्ता ने पहला वोट डाला। इसके बाद भाजपा विधायक घनश्याम दास अरोड़ा ने मतदान किया। कांग्रेस विधायक मतदान से पहले भूपेंद्र सिंह हुड्डा द्वारा बुलाई गई बैठक में शामिल होंगे। इस दौरान वे मतदान की रिहर्सल करेंगे। इसके बाद कांग्रेस विधायक करीब दो बजे वोट डालेंगे

विधायक चंडीगढ़ स्थित हरियाणा विधानसभा में और सांसद दिल्ली स्थित लोकसभा में मतदान कर रहे हैं। आदमपुर के कांग्रेस विधायक कुलदीप बिश्नोई ने चंडीगढ़ की बजाय दिल्ली में मतदान करने की अनुमति केंद्रीय चुनाव आयोग से मांगी है, जिसे स्वीकृत कर दिया गया। इस तरह हरियाणा विधानसभा में 90 की बजाय 89 विधायक मतदान करेंगे। हरियाणा से किसी भी केंद्रीय मंत्री अथवा सांसद ने दिल्ली की बजाय चंडीगढ़ में मतदान करने की अनुमति केंद्रीय चुनाव आयोग से नहीं मांगी है।

राज्य के 90 विधायकों, 10 लोकसभा सदस्यों और पांच राज्यसभा सदस्यों के वोट की कुल वैल्यू 20 हजार 580 है। इनमें सबसे अधिक वोट की कीमत भाजपा विधायकों व सांसदों की है। 21 जुलाई को देश के नए राष्ट्रपति के नाम का एलान किया जाएगा। हर किसी की निगाहें दोनों प्रमुख उम्मीदवारों एनडीए की द्रौपदी मुर्मू और विपक्ष के उम्मीदवार यशवंत सिन्हा पर टिकी हैं। दोनों अपने-अपने पक्ष में वोटिंग के लिए हरियाणा के माननीयों से संपर्क साध चुके हैं। देश भर के माननीयों की वोट वैल्यू 10 लाख 86 हजार 431 है।

मतदान को लेकर इनेलो विधायक अभय सिंह चौटाला और निर्दलीय विधायक बलराज कुंडू ने अपने पत्ते नहीं खोले हैं, जबकि कांग्रेस विधायक कुलदीप बिश्नोई अपनी अंतर आत्मा की आवाज पर एनडीए की उम्मीवार द्रोपदी मुर्मू को अपना वोट दे सकते हैं। कुंडू ने राज्यसभा चुनाव में मतदान नहीं किया था, जबकि अभय चौटाला ने भाजपा समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार कार्तिकेय शर्मा को वोट दिया था।

कुलदीप बिश्नोई ने भी राज्यसभा चुनाव में भाजपा समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार कार्तिकेय शर्मा को डंके की चोट पर अपना वोट दिया था। राज्यसभा चुनाव में भाजपा समर्थित उम्मीदवार को वोट देने वाले हलोपा विधायक गोपाल कांडा एनडीए की उम्मीदवार द्रोपदी मुर्मू को वोट दे सकते हैं, क्योंकि राज्यसभा चुनाव में भी वह भाजपा समर्थित उम्मीदवार कार्तिकेय के साथ थे।

इस बार के राज्यसभा चुनाव में भाजपा के नव निर्वाचित सांसद कृष्णलाल पंवार और भाजपा समर्थित निर्दलीय सांसद कार्तिकेय शर्मा राष्ट्रपति चुनाव में वोट नहीं कर सकेंगे। इन दोनों नेताओं द्वारा अगस्त में राज्यसभा की सदस्यता संबंधी शपथ ली जाएगी। इसलिये उन्हें इस बार के राष्ट्रपति चुनाव में वोट डालने का अधिकार नहीं मिल पा रहा है।

राजस्थान से राज्यसभा का चुनाव हारने वाले सुभाष चंद्रा तथा चुनाव न लड़ने वाले निवर्तमान राज्यसभा सदस्य दुष्यंत गौतम को इसी बार के राष्ट्रपति चुनाव में वोट डालने का अधिकार होगा, क्योंकि इन दोनों का कार्यकाल राष्ट्रपति पद के चुनाव के बाद खत्म होगा। सुभाष चंद्रा व दुष्यंत गौतम हरियाणा से राज्यसभा सदस्य चुने गये थे, जिनका कार्यकाल एक अगस्त को पूरा होगा। उन्हीं के द्वारा खाली की जा रही सीटों पर कृष्णलाल पंवार तथा कार्तिकेय शर्मा की जीत हुई है।

विधानसभा में सुबह 10 बजे से शाम पांच बजे तक वोटिंग

राष्ट्रपति चुनाव के लिए सांसद लोकसभा परिसर में और विधायक विधानसभा परिसर में सुबह 10 बजे से मतदान कर रहे हैं और वे शाम पांच बजे तक अपना वोट डाल सकते हैं। चुनाव में सांसद और विधायकों के वोटों का आधार उस प्रदेश की जनसंख्या के आधार पर निर्धारित किया जाता है। हरियाणा की जनसंख्या के मुताबिक विधायकों के वोट की कीमत 112 और सांसदों के वोट की कीमत 700 है। इस बार भी 1971 की जनसंख्या के तहत ही विधायकों व सांसदों की वोट की वैल्यू का आधार रखा गया है। लिहाजा सांसद-विधायक के वोटों की गणना 112 और 700 अंकों के आधार पर होगी।