Latest News नयी दिल्ली राष्ट्रीय

राष्ट्रपति चुनाव से पहले डिनर पर बीजेपी सांसदों से मिलेंगे नड्डा, सभी सांसद होंगे शामिल


नई दिल्ली, । भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा 16 जुलाई को सभी भाजपा सांसदों के लिए रात्रिभोज की मेजबानी करेंगे। डिनर राष्ट्रपति चुनाव से पहले होगा, चुनाव 18 जुलाई को संसद के महत्वपूर्ण मानसून सत्र के पहले दिन होगा।

एएनआइ के अनुसार, ‘सभी भाजपा लोकसभा और राज्यसभा सांसदों को 16 जुलाई को दिल्ली में इकट्ठा होने और सप्ताह के अंत में वहां रहने के लिए कहा गया है ताकि वे 18 जुलाई को भारत के राष्ट्रपति चुनाव के लिए मतदान में भाग ले सकें।

भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व वाले एनडीए ने भारत के आगामी राष्ट्रपति चुनाव के लिए द्रौपदी मुर्मू को अपना उम्मीदवार नामित किया है। मुर्मू की उम्मीदवारी के लिए एनडीए को वाईएसआर कांग्रेस और बीजू जनता दल और अकाली दल का समर्थन मिला है।

द्रौपदी मुर्मू 2013 से 2015 तक भाजपा के एसटी मोर्चा की राष्ट्रीय कार्यकारी सदस्य थीं और 2010 और 2013 में मयूरभंज (पश्चिम) के भाजपा जिला प्रमुख के रूप में कार्य किया। 2006 और 2009 के बीच, वह ओडिशा में भाजपा के एसटी मोर्चा की प्रमुख थीं। वह 2002 से 2009 तक भाजपा एसटी मोर्चा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की सदस्य रहीं।