News TOP STORIES नयी दिल्ली बिजनेस राष्ट्रीय लखनऊ

राहुल गांधी का भाजपा पर वार, कहा-सरकार ने देश की अर्थव्यवस्था की नष्ट,


नई दिल्ली, रूस-यूक्रेन में युद्ध के बीच आज एक बार फिर वार्ता होने वाली है। यूक्रेन के प्रतिनिधिमंडल के प्रमुख डेविड एराखामिया के अनुसार दोनों देशों के बीच यह वार्ता वीडियो कांफ्रेंस के जरिए होगी, हालांकि पिछली कई वार्ता में कोई हल नहीं निकल पाया है। वहीं दोनों देशों के बीच आज युद्ध का 37वां दिन है और रूसी सेना अब यूक्रेन के गावों को निशाना बना रही है। इस बीच यूक्रेन ने भी जवाबी हमला जारी रखा है और रूस के दो टैंकों को उड़ा दिया है और एक सैनिक भी मार दिया है।

दूसरी ओर पड़ोसी देश श्रीलंका में महंगाई के खिलाफ प्रदर्शन ने हिंसक रूप ले लिया है। राष्ट्रपति गोटाबाया राजपक्षे के आवास के बाहर कई गाड़ियों में आगजनी भी की गई जिसमें कई लोग घायल भी हुए।

  • राहुल गांधी ने केंद्र सरकार पर बोला हमला

     

    कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने आज कर्नाटक में प्रदेश कांग्रेस कमेटी की बैठक को संबोधित करते हुए भाजपा पर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि हमारे देश की अर्थव्यवस्था चरमरा गई है, बेरोजगारी और महंगाई बेतहाशा बढ़ रही है और लोग इससे अब परेशान हो चुके हैं। राहुल ने साथ ही कहा कि बीजेपी चाहे तो भी भारत में लोगों को रोजगार नहीं दे सकती क्योंकि उन्होंने रोजगार देने वाले क्षेत्रों को नष्ट कर दिया है।

  • रूसी विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव ने की जयशंकर से बातचीत

     

    दो दिवसीय दौरे पर भारत आए रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव ने आज भारतीय विदेश मंत्री एस जयशंकर से मुलाकात की। बैठक में जयशंकर ने कहा कि कई क्षेत्रों में रूस के साथ हमारे द्विपक्षीय संबंध लगातार बढ़ रहे हैं। और आज की बैठक दिखाती है कि भारत हमेशा कूटनीति के जरिए विवादों को सुलझाने के पक्ष में रहा है। दूसरी ओर रूसी विदेश मंत्री ने भी भारत की कूटनीति की तारीफ की और कहा कि भारत यूक्रेन संकट पर एकतरफा रवैया नहीं दिखा रहा है। उन्होंने कहा कि यूक्रेन संकट के लिए रूस किसी भी सार्थक अंतरराष्ट्रीय समस्या को कम करना चाहता है।

     


  • भारतीय अंटार्कटिक विधेयक लोकसभा में पेश

     

    आज लोकसभा में भारतीय अंटार्कटिक विधेयक, 2022 पेश किया गया। इस विधेयक में अंटार्कटिका में भारत की अनुसंधान गतिविधियों तथा पर्यावरण संरक्षण के लिये विनियमन ढांचा प्रदान करने का प्रस्ताव किया गया है। बता दें कि पिछले दिनों ही केंद्रीय मंत्रिमंडल ने इस विधेयक को मंजूरी प्रदान की थी।

     


  • पिछले 6 वर्षों में विदेशी निवेश बढ़ाः गोयल

     

    केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने आज राज्यसभा में बताया कि देश में पिछले 6 वर्षों में प्रत्यक्ष विदेशी निवेश (एफडीआइ) में काफी इजाफा देखने को मिला है। और इसके चलते कई सालों के रिकार्ड टूट गए हैं। उन्होंने कहा कि आज दुनिया भारत को एक पसंदीदा गंतव्य के रूप में देखती है। गोयल ने आगे कहा कि मैंने अभी-अभी यूएई का दौरा किया है और वहां के व्यापारिक समुदाए भी बड़े निवेश  के मूड में हैं।

     


  • डीके शिवकुमार ने बोला भाजपा पर हमला

     

    बेंगलुरु में कर्नाटक कांग्रेस प्रमुख डीके शिवकुमार ने आज प्रदेश कांग्रेस कमेटी की विस्तारित कार्यकारी बैठक को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने भाजपा पर हमला बोलते हुए कहा कि कि केवल कांग्रेस पार्टी ही इस देश को एकजुट कर सकती है और इसे प्रगति के पथ पर ले जा सकती है।

     


  • केजरीवाल और मनीष सिसोदिया से मिले तमिलनाडु के मुख्यमंत्री

     

    तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम. के. स्टालिन ने आज दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया से मुलाकात की। स्टालिन दिल्ली में पश्चिम विनोद नगर स्थित राजकीय सर्वोदय कन्या बाल विद्यालय का दौरा करने आए थे। बता दें कि स्टालिन दिल्ली सरकार द्वारा स्कूलों और मोहल्ला क्लीनिकों का दौरा करने राजधानी में आए हैं।

     


  • अनिल देशमुख, सचिन वाजे और कुंदन शिंदे को हिरासत में लेगी सीबीआइ

     

    महाराष्ट्र में आज सीबीआइ एक बड़ी कार्रवाई करने वाली है। भ्रष्टाचार के मामले में सीबीआइ महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री अनिल देशमुख, निलंबित पुलिस अधिकारी सचिन वाजे और कुंदन शिंदे को हिरासत में लेगी।

     


  • कर्नाटक में भारतीय जनता युवा मोर्चा के एक कार्यक्रम में पहुंचे अमित शाह

     

    केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बेंगलुरु में भारतीय जनता युवा मोर्चा के एक कार्यक्रम में हिस्सा लिया। शाह ने इस दौरान मार्चे के कई कार्यकर्ताओं से बातचीत भी की।

     


  • एमसीडी (संशोधन) विधेयक पर राज्यसभा में चर्चा के लिए ‘आप’ का नोटिस

     

    आप सांसद संजय सिंह ने राज्यसभा में दिल्ली नगर निगम (संशोधन) विधेयक 2022 को सदन में पेश किए जाने का विरोध करने के लिए आज नियम 67 के तहत नोटिस दिया है। बता दें कि पार्टी पहले से ही इसका विरोध कर रही है।

     


  • 22 मई से गुरुद्वारा श्री हेमकुंड साहिब के खुलेंगे कपाट

     

    22 मई को गुरुद्वारा श्री हेमकुंड साहिब के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए जाएंगे। जानकारी के अनुासर ट्रस्ट ने मेंटेनेंस का काम शुरु कर दिया है। इसके लिए भारतीय सेना अप्रैल के दूसरे सप्ताह से गुरुद्वारा और उसके आसपास से बर्फ हटाना भी शुरू कर देगी।

    नागालैंड के 9 जिलों में जारी रहेगा AFSPA

     

    गृह मंत्रालय ने शुक्रवार को नागालैंड में अशांत क्षेत्रों में अफस्पा जारी रखने की घोषणा की है। इन 9 जिलों में सशस्त्र बल (विशेष) अधिकार अधिनियम (AFSPA) अगले छह महीने तक लागू रहेगा। एमएचए ने इसी के साथ अपनी गजट अधिसूचना में पूरे नागालैंड राज्य को अशांत क्षेत्र घोषित करने के अपने पुराने आदेश को भी हटा दिया है।


  • राजकोट अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे के अगस्त तक चालू होने की उम्मीद

     

    गुजरात के लोगों को जल्द ही एक बड़ा तौहफा मिल सकता है। हीरासर हवाई अड्डा या राजकोट ग्रीनफील्ड अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा इस साल अगस्त तक चालू हो सकता है। इसे गुजरात चुनाव से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का एक बड़ा विकास कार्य माना जा सकता है। बता दें कि औद्योगिक शहर राजकोट से 30 किलोमीटर की दूरी पर स्थित यह हवाई अड्डा चार चरणों में 1,032 हेक्टेयर क्षेत्र में बनाया जा रहा है। इसमें 23,000 वर्ग मीटर के यात्री टर्मिनल के क्षेत्रफल के साथ कुल 14 पार्किंग स्टैंड होंगे।

     


  • देश में बढ़े कोरोना मामले, 52 लोगों की हुई मौत

     

    भारत में कोरोना मामलों में फिर से इजाफा देखने को मिला है। पिछले 24 घंटों में कोरोना के 1,335 नए मामले सामने आए हैं, वहीं 1918 लोग डिस्चार्ज हुए और 52 लोगों की कोरोना से मौत हुई है। स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार अब कुल सक्रिय मामले 13,672 हो गए हैं। 

     

  • 08:43 AM, 2022-04-01T13:45:51

    श्रीलंका में महंगाई के विरोध में हिंसक प्रदर्शन

     

    श्रीलंका में महंगाई इतनी चरम पर पहुंच गई है कि उसके विरोध ने अब हिंसक रूप ले लिया है। कुछ लोगों ने आज कोलंबो में राष्ट्रपति गोटाबाया राजपक्षे के आवास के बाहर हिंसक प्रदर्शन किया गया जिसमें पत्रकारों समेत दस से ज्यादा लोग घायल भी हो गए।


  • महाराष्ट्र में आज से मास्क न पहनने पर नहीं लगेगा जुर्माना

     

    मुंबई पुलिस आज से मास्क न पहनने वालों पर जुर्माना नहीं लगाएगी। हालांकि बीएमसी ने नागरिकों से कोरोना के खिलाफ एहतियात के तौर पर स्वेच्छा से मास्क का उपयोग करने का आग्रह किया है। बता दें कि 2 अप्रैल से महाराष्ट्र में सभी कोविड प्रतिबंध भी हटा दिए जाएंगे।

     

  •  

    सिलेंडर की कीमतों में 250 रुपए का इजाफा

     

    देश में एक बार फिर गैस सिलेंडर के दामों में इजाफा हुआ है। यह बढ़ौतरी कमर्शियल रसोई गैस एलपीजी की कीमत में की गई है। कीमतों में 250 रुपये प्रति सिलेंडर की बढ़ोतरी की गई है। दिल्ली में अब इसकी कीमत 2253 रुपये हो गई है। हालांकि घरेलू गैस सिलेंडर के दामों में कोई बढ़ोतरी नहीं की गई

     


  • अरुणाचल प्रदेश के 3 जिलों में लगा AFSPA

     

    केंद्र सरकार ने अरुणाचल प्रदेश के 3 जिलों में अफस्पा लागू कर दिया है। गृह मंत्रालय के अनुसार असम की सीमा से लगे नामसाई जिले के तिरप, चांगलांग और लोंगडिंग जिलों में 1 अप्रैल से 30 सितंबर तक AFSPA की धारा 3 के तहत अशांत क्षेत्र घोषित किया गया है।

     


  • ईंधन की बढ़ी कीमतों को लेकर कांग्रेस का आज भी प्रदर्शन

     

    कांग्रेस ने आज भी ईंधन की कीमतों में बढ़ोतरी के चलते विरोध प्रदर्शन जारी रखा। आज पुदुचेरी में ईंधन कीमतों और एलपीजी गैस सिलेंडर के दाम में वृद्धि के खिलाफ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सिलेंडर पर माला चढ़ाकर विरोध प्रदर्शन किया।