News TOP STORIES नयी दिल्ली

राहुल गांधी का मोदी सरकार पर तंज, बोले- अहंकारी सरकार को अच्छे सुझावों से एलर्जी


भारत में जिस तरह से कोरोना वायरस के मामले बढ़ रहे हैं, वो हर किसी के लिए चिंता का विषय है। क्योंकि कोरोना की दूसरी लहर पहले से भी अधिक घातक है। बढ़ते कोरोना के मामलों और केंद्र की मोदी सरकार की नीतियों के खिलाफ कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने एक बार फिर सोशल मीडिया के माध्यम से भाजपा सरकार पर तंज कसा है।

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने अपने ट्विटर अकाउंट से ट्वीट करते हुए लिखा कि केंद्र सरकार की फ़ेल नीतियों से देश में कोरोना की भयानक दूसरी लहर है और प्रवासी मज़दूर दोबारा पलायन को मजबूर हैं। टीकाकरण बढ़ाने के साथ ही इनके हाथ में रुपय देना आवश्यक है- आम जन के जीवन व देश की अर्थव्यवस्था दोनों के लिए। लेकिन अहंकारी सरकार को अच्छे सुझावों से ऐलर्जी है!

जानकारी के लिए आपको बता दें कि देश में कोरोना के बिगड़ते हालातों के बारे में चर्चा के लिए कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी आज पार्टी के वरिष्ठ नेताओं साथ वर्चुअली बैठक करेंगी। जिसमें पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी सहित अन्य कई प्रमुख मंत्री शामिल होंगे।

भारत में आज दर्ज किए गए 1 लाख 45 हजार से अधिक केस

समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक, भारत में पिछले 24 घंटे में कोविड-19 के 1,45,384 नए मामले आने के बाद कुल पॉजिटिव मामलों की संख्या 1,32,05,926 हो गई है। 780 नई मौतों के बाद कुल मौतों का आंकड़ा 1,68,436 हो गया है। वहीं देश में एक्टिव मामलों की कुल संख्या 10,46,631 है और डिस्चार्ज हुए मामलों की कुल संख्या 1,19,90,859 हो गई है। जानकारी के अनुसार, देश में कुल 9,80,75,160 लोगों को कोरोना वायरस की वैक्सीन लगाई गई है।