पटना

रूपौली: नहर का अतिक्रमण कर किया जा रहा सड़क निर्माण


रूपौली (पूर्णिया)(आससे)। प्रखंड क्षेत्र के सिंहपुर दियारा पंचायत में पंचायत प्रतिनिधि के द्वारा वोट बैंक की रोटी बेरोकटोक सेंकी जा रही है। अपने पक्ष में मतदाताओं को खुश करने को लेकर नहर परियोजना के बांध पर आवादी बिहीन क्षेत्रों में गैदूहा गांव से पूरब पी सी सी ढ़लाई सड़क का निर्माण कार्य वार्ड सदस्य के द्वारा प्रगति पर है। जबकि इस आशय की जानकारी न तो मनरेगा कार्यालय को है और न ही प्रखंड कार्यालय को है।

मनमाकिफ मतदाताओं को लुभाने के लिए सिंहपुर दियारा पंचायत के वार्ड 11 के वार्ड सदस्य नहर परियोजना से बिना मंजूरी मिले ही ढ़लाई सड़क निर्माण कार्य को मूर्त रूप दे रहे हैं। ग्रामीणों के द्वारा इस बात की सूचना प्रखंड प्रमुख रूपौली रेखा देवी को दी गई। जानकारी मिलते ही प्रखंड प्रमुख रेखा देवी अवैध रूप से नहर का अतिक्रमण कर बनाए जा रहे सड़क निर्माण कार्य स्थल पहुंची। जहाँ निर्माण कार्य स्थल पर वार्ड सदस्य अनुपस्थित पाए गए।

प्रखंड प्रमुख रूपौली ने बताया कि अवैध रूप से बन रहे पी सी सी ढ़लाई कार्य को तत्काल रोक दिया गया। जबकि इस बात की जानकारी तत्काल ही प्रखंड विकास पदाधिकारी रूपौली परशुराम सिंह, अंचलाधिकारी रूपौली राजेश कुमार, मनरेगा कार्यक्रम पदाधिकारी धीरज कुमार और नहर परियोजना विभाग के पदाधिकारी सी.डी.रजक को दूरभाष पर दे दी गई है।