पटना

रोहतास: सोन नदी में नहाने के दौरान डूबने से दो बच्चों की मौत


डिहरी ऑन सोन(रोहतास)(आससे)। रोहतास जिले के नासरीगंज थाना क्षेत्र के पडुरी गांव में बुधवार की सुबह करीब 8 बजे सोन नदी में नहाने के दौरान डूबने से दो बच्चों की मौत हो गई।  मृत दोनों बच्चे चचेरे भाई बताए जाते हैं। मृतक दोनों बच्चे धनंजय पांडेय का 13 वर्षीय पुत्र   तनुज अंजान तथा निखिल पांडे के 15 वर्षीय पुत्र प्रियांशु कुमार शामिल है। मृत दोनों बच्चों के परिजनों ने  शव का पोस्टमार्टम कराने से इंकार कर दिया। जिसे पुलिस समझाने का प्रयास कर रही थी। दोनों अपने अपने घर के इकलौता पुत्र बताए जाते हैं। घटना के बाद पूरे गांव में मायूसी छाई हुई है। वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

घटना के बारे में बताया जा रहा है कि बच्चे घर से बिना किसी को बताये छुपते-छुपाते निकले थे। क्योंकि उनका गांव सोन नदी के तट पर ही स्थित है इसलिए वे दोनों सोन नदी में नहाने के लिए चले गए। इस दौरान वे अचानक से डूबने लगे। जहां चरवाहों ने देखकर शोर मचाए। जिसके बाद  ग्रामीणों ने पहुंच  दोनों बच्चों को बचाने का प्रयास किया। लेकिन तब तक काफी विलंब हो चुकी थी।

इसके बाद ग्रामीणों की मदद से ही दोनों बच्चों के शवों को सोन नदी से निकाला गया। इस घटना की सूचना पर नासरीगंज थानाध्क्ष सुभाष कुमार और अंचलाधिकारी श्याम सुंदर राय मौके पर पहुंचे तथा इस मामले की जांच की। इस दौरान परिजनों ने बच्चों के शवो  को पोस्टमार्टम करने  से इनकार करने के बाद पुलिस परिजनों को समझाने का प्रयास कर रही थी।