News TOP STORIES उत्तर प्रदेश नयी दिल्ली लखनऊ

लखनऊ में गांधी प्रतिमा पर प्रियंका ने किया माल्यार्पण, दो मिनट का मौन रखा,


  • यूपी चुनाव 2022 को लेकर प्रदेश में माहौल बनने लगा है। प्रदेश के सभी प्रमुख दलों ने अपनी तैयारियों को अंतिम रूप देने के साथ ही उन पर अमल करना शुरू कर दिया है। प्रदेश में कांग्रेस भी पूरी क्षमता के साथ चुनाव मैदान में उतर रही है। चुनाव को लेकर रणनीति बनाने और उस पर चर्चा के लिए प्रियंका गांधी लखनऊ पहुंच गई हैं। अगले तीन दिनों तक वह यहां कार्यकर्ताओं से चर्चा करेंगी। उनके दौरे को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ता बेहद उत्साहित हैं।

– प्रियंका गांधी लखनऊ एयरपोर्ट से सीधे हजरतगंज स्थित गांधी प्रतिमा पहुंचीं। जहां उन्होंने राष्ट्रपिता की मूर्ति पर माल्यार्पण किया। उन्होंने यहां प्रदेश में फैले जंगलराज, पंचायत चुनाव में हुई हिंसा, महिला उत्पीड़न, ध्वस्त कानून व्यवस्था के खिलाफ दो मिनट का मौन भी रखा।। इस दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद हैं। प्रियंका गांधी यहां से पार्टी कार्यालय की तरफ रवाना हो जाएंगी।

– लखनऊ एयरपोर्ट पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रियंका गांधी का भव्य स्वागत किया। यहां से वह पार्टी कार्यालय के लिए रवाना हो गईं। प्रियंका के काफिले के कारण रास्ते में कई जगह जाम भी लग गया।

– लखनऊ प्रवास के दौरान वे पार्टी मुख्यालय पर प्रदेश कार्यकारिणी, पदाधिकारियों व जिला-शहर अध्यक्षों के साथ बैठक करेंगी। प्रियंका विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर पार्टी नेताओं से बातचीत भी करेंगी।

– प्रियंका गांधी के स्वागत के लिए कांग्रेस कार्यकर्ता बड़ी संख्या में लखनऊ एयरपोर्ट पर मौजूद थे। उन्होंने प्रियंका के पहुंचते ही नारेबाजी की।

टिकट देने के लिए कांग्रेस ने बनाई ये रणनीति:
कांग्रेस ने अब तक सौ से ज्यादा सीटों पर टिकट के लिए दावेदारों को हरी झंडी दी है। इनमें से काफी सीटों पर एक से अधिक दावेदारों को क्षेत्र में जाकर तैयारी करने के लिए कहा गया है। तीन महीने की समीक्षा में जो दावेदार खरा उतरेंगे, उनका टिकट फाइनल कर दिया जाएगा।