Latest News नयी दिल्ली प्रयागराज राष्ट्रीय लखनऊ

लोकसभा चुनाव: जेपी नड्डा ने प्रयागराज में पार्टी पदाधिकारियों को दिए निर्देश


प्रयागराज। लोकसभा चुनाव 2024 की तैयारी में जुटी भाजपा पांच राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनाव को सेमीफाइनल की तरह ले रही है। पार्टी के शीर्ष नेता पूरा जोर लगाए हैं।

शुक्रवार को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा मध्य प्रदेश के रीवा में चुनावी प्रचार के लिए पहुंचे। इससे पूर्व उन्होंने प्रयागराज में बमरौली एयरपोर्ट पर पार्टी पदाधिकारियों से संक्षिप्त मुलाकात की।

लोकसभा चुनाव के लिए एड़ी चोटी का जोर लगाने का आह्वान किया। संगठन को सशक्त और एकजुट रखने का मंत्र देते हुए बोले, एक भी मतदाता बिना वोट दिए बूथ से न लौटे यह पार्टी कार्यकर्ता अभी से सुनिश्चित करें।

एयरपोर्ट पर क्षेत्रीय उपाध्यक्ष अवधेश गुप्ता, महापौर गणेश केसरवानी व महानगर अध्यक्ष राजेंद्र मिश्र ने पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया। तीनों नेताओं को राष्ट्रीय अध्यक्ष ने अलग-अलग संदेश देकर पार्टी हित में कार्य के लिए प्रेरित किया।

स्वच्छता अभियान को जोर देने पर दिया बल

महापौर से नगर निगम के कार्यों के बारे में जानकारी लेते हुए स्वच्छता अभियान पर विशेष बल दिया। कहा, सप्ताह में एक दिन इस दिशा में जरूर सकारात्मक सामूहिक प्रयास किया जाए। क्षेत्रीय अध्यक्ष को नियमित बैठक कर पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की सक्रियता बढ़ाते हुए आम जन के बीच जाने के लिए कहा।

महानगर अध्यक्ष को वोटर चेतना अभियान में पूरा जोर लगाने के निर्देश दिए। बोले, एक भी मतदाता को बूथ से बिना वोट दिए न लौटना पड़े। इस बात को अभी से सुनिश्चित कर लिया जाना चाहिए। पार्टी की जीत के लिए जरूरी है कि अधिक से अधिक नए वोटर बनाए जाएं। जहां की मतदाता सूची में गड़बड़ी हो उसे भी दुरुस्त कराएं। इसके लिए कैंप का भी आयोजन करें।

भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष करीब 15 मिनट एयरपोर्ट पर रुके उसके बाद रीवा के लिए प्रस्थान कर गए। वह त्यौंथर के ग्राम चुनरी में जनसभा को भी संबोधित करेंगे। सिरमौर में रोड शो भी करेंगे। जावा में रथ सभा को संबोधित करने की तैयारी है। राष्ट्रीय अध्यक्ष का सांसद केशरी देवी पटेल सहित कई पदाधिकारियों ने स्वागत किया।