News TOP STORIES नयी दिल्ली राष्ट्रीय

वित्तीय संसाधनों के साथ-साथ युद्ध की तैयारी के लिए त्वरित और पारदर्शी निर्णय लेने की जरूरत: राजनाथ सिंह


नई दिल्ली, रक्षा लेखा विभाग द्वारा आयोजित नियंत्रकों के सम्मेलन को आज रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने साफ तौर पर कहा कि देश की युद्ध की तैयारी के लिए न केवल पर्याप्त वित्तीय संसाधनों की उपलब्धता बल्कि इसके लिए त्वरित और पारदर्शी निर्णय लेना भी महत्वपूर्ण है।

अपने संबोधन में रक्षा मंत्री ने कहा कि निर्णय लेने में देरी से समय के साथ-साथ धन की भी हानि होती है। इसके अलावा, यह देश की युद्ध तैयारी पर भी प्रतिकूल प्रभाव डालता है। उन्होंने साफ तौर पर कहा कि रक्षा लेखा विभाग इसे सुनिश्चित करने की दिशा में एक बहुत ही महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने कहा कि दुनिया में जितने भी संसाधन हैं उनकी एक सीमा है। ऐसे में उपलब्ध और सीमित संसाधनों का विवेकपूर्ण उपयोग आवश्यक हो जाता है और यही बात किसी राष्ट्र और उसके रक्षा क्षेत्र पर भी लागू होती है।

राजनाथ ने कहा कि जब मैं संसाधनों के विवेकपूर्ण उपयोग की बात कर रहा हूं, तो उससे मेरा मतलब दो बातों से है। पहली कि संसाधनों का सही जगह उपयोग हो। दूसरी कि उनकी किसी प्रकार से बर्बादी न हो। ‘A Penny Saved is a Penny Earned’ वाली बात संसाधनों पर भी लागू होती है। उन्होंने कहा कि हमारे जीवन में लेखा-जोखा की क्या अहमियत है, इस पर बहुत बात करने की आवश्यकता नहीं है।

कोई व्यक्ति हो, अथवा परिवार, समाज हो या फिर संगठन, बिना लेखा-जोखा पर ध्यान दिए वह ज्यादा दिनों तक चल नहीं सकता है। रक्षा मंत्री ने कहा कि सही समय पर वित्तीय सलाह प्रदान के लिए प्रक्षेत्र विशेषज्ञता के साथ Client की जरूरतों की संवेदनशील समझ होना भी बहुत जरूरी है।