News TOP STORIES नयी दिल्ली पंजाब राष्ट्रीय

विधायकों के साथ पहुंचे हरपाल चीमा, कहा- आपरेशन लोटस के तहत भाजपा ने किया खरीदने का प्रयास


चंडीगढ़। पंजाब के वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा आज विधायकों के साथ प्रेस कांफ्रेंस में पहुंचे। चीमा ने कहा कि भाजपा ने आपरेशन लोटस के तहत इन विधायकों को खरीदने का प्रयास किया। भाजपा के नेताओ ने आप के 10 विधायकों को फोन किया।

चीमा ने कहा कि जालंधर वेस्ट के विधायक शीतल अंगुराल को फोन आया और उन्हें मारने तक की धमकी दी गई। उन्होंने कहा कि विधायक बलजिंदर कौर को भी फोन आया है। भाजपा आप के 35 विधायकों को तोड़ना चाहती है। आप इस मामले में डीजीपी को शिकायत करेगी, ताकि जांच हो सके।

‘चीमा ने कहा कि भाजपा को जिन राज्यों में लोग नकार देते हैं वह वहां आपरेशन लोटस के तहत काम करती है। सरकारें बनाती है। भाजपा के लिए सत्ता खरीद-फरोख्त की दुकान है।  भाजपा ने पहले कर्नाटक, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, अरुणाचल प्रदेश और गोवा में आपरेशन लोटस चलाया। अब पंजाब में भी भाजपा यह प्रयास कर रही है,  लेकिन आम आदमी पार्टी के विधायक बिकने वाले नहीं हैं।

हरपाल चीमा के साथ विधानसभा के डिप्टी स्पीकर जय किशन रोडी, प्रिंसिपल बुधराम, मंजीत सिंह बिलासपुर, कुलवंत सिंह पंडोरी, दिनेश चड्ढा, रमन अरोड़ा, पुष्पिंदर हैप्पी, नरेंदर कौर, शीतल अंगुरल आदि विधायक मौजूद थे।

हरपाल सीमा ने कहा कि कांग्रेस पार्टी देश में बिखर गई है। कांग्रेस के नेता बिकाऊ माल बन गए हैं और उन्होंने भाजपा के आगे घुटने टेक दिए हैं। चीमा ने कहा कि भाजपा का आपरेशन लोटस गोवा में सफल हुआ। आपरेशन लोटस के तहत बीजेपी ने कांग्रेस के 8 विधायक तोड़ लिए, लेकिन यह आपरेशन पंजाब में विफल रहा।

चीमा ने कहा कि देश में अगर कोई पार्टी बीजेपी को टक्कर दे सकती है तो वह आम आदमी पार्टी है। एक तरफ देश में आम आदमी पार्टी का ग्राफ बढ़ा है वहीं बीजेपी का ग्राफ लगातार नीचे गिर रहा है।

विधायक सच्चे सिपाही, गीदड़ भभकियों से नहीं डरेंगे

वहीं, हाउसिंग व शहरी विकास मंत्री अमन अरोड़ा ने कहा कि लालच, ईडी और सीबीआइ का डर दिखाकर भाजपा अपनी राजनीति चला रही है। यही अब पंजाब में चल रहा है। विधायकों को तोड़ने की कोशिश की जा रही है। हमारे 35 विधायकों को खरीदने का प्रयास कर रहे हैं। भाजपा नेता सुध बुध खो चुके हैं। हमारे विधायक अरविंद केजरीवाल के सिपाही हैं। वह गीदड़ भभकियों से नहीं डरेंगे।