Latest News नयी दिल्ली राष्ट्रीय

विपक्षी दलों के पैदल मार्च पर बोले संबित पात्रा- इससे पूरा देश और लोकतंत्र शर्मसार हुआ


  • संसद का मानसून सत्र समाप्त हो चुका है। इसके बाद भी विपक्ष ने केंद्र की मोदी सरकार को घेरने के लिए संसद से लेकर विजय चौक तक पैदल मार्च किया। इस दौरान राहुल गांधी समेत तमाम विपक्षी नेताओं ने सरकार पर लोकतंत्र की हत्या करने का आरोप लगाया। राहुल गांधी ने कहा कि राज्यसभा में पहली बार सांसदों की पिटाई की गई, बाहर से लोगों को बुलाकर और नीली वर्दी में डालकर सांसदों से मारपीट की गई।

इसी बीच भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा ने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि कांग्रेस और अन्य विपक्षी दल सड़क पर कैसे विरोध कर रहे हैं। जिस प्रकार अराजकता संसद के अंदर विपक्षी पार्टियों और खासकर राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस पार्टी ने दिखाया है उससे मैं कहूंगा कि सिर्फ उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू ही नहीं रोए बल्कि लोकतंत्र भी रोया, पूरा देश और लोकतंत्र शर्मसार हुआ है।

उन्होंने कहा कि संसद में चर्चा नहीं करना अराजकता की पराकाष्ठा होती है। इसी पराकाष्ठा को कांग्रेस पार्टी के नेतृत्व ने प्रदर्शित किया है। बहुत दुख का विषय है कि कोरोना को लेकर पूरे देश में चिंता का माहौल है। क्या तीसरी लहर आएगी ? इस सभी विषयों पर देश जानना चाहता है। यह वहीं विपक्षी लोग थे जिन लोगों ने संसद का विशेष सत्र बुलाने की बात कही थी। उन्होंने कहा कि संसद सत्र के दौरान एक दिन कोरोना पर चर्चा नहीं होने दी। क्या देश ऐसे लोगों को माफ करेगा ? कदाचित नहीं।