Latest News बंगाल महाराष्ट्र

शरद पवार को ‘मोहरा’ बनाकर खुद ‘क्वीन’ बनना चाहती हैं बंगाल की सीएम ममता बनर्जी


मुंबई आजकल कुछ लोग मिलकर एक वाट्सएप ग्रुप बनाते हैं। कुछ दिनों तक यह ग्रुप बहुत अच्छा चलता है। आपस में खूब जोक शेयर किए जाते हैं। फिर कुछ दिनों बाद ग्रुप के दो-तीन लोगों की मतभिन्नता सामने आने लगती है। आपस में चलनेवाली स्वस्थ बहस कड़वाहट में बदलने लगती है। जब ये कड़वाहट बर्दाश्त के बाहर होने लगती है तो ग्रुप का बहुमत मिलकर नए नाम से एक नया ग्रुप बना लेता है। जिनके कारण पहले ग्रुप में कड़वाहट पैदा हुई थी, वे पुराने ग्रुप में ही रह जाते हैं और वह ग्रुप धीरे-धीरे अप्रासंगिक हो जाता है।

ममता बनर्जी का बुधवार को मुंबई में दिया गया बयान ऐसा ही एक नया ग्रुप बनाने की ओर संकेत करता दिखाई दे रहा है। जिसमें वह होंगी, शरद पवार होंगे, और भी कई लोग होंगे, लेकिन राहुल गांधी नहीं होंगे। ममता को भरोसा है कि उनके नए ग्रुप में अलग-अलग राज्यों के ऐसे छत्रप शामिल होंगे, जो कांग्रेस और भाजपा को एक साथ टक्कर दे सकें। ममता को उम्मीद है कि अगले लोकसभा चुनाव के बाद ऐसी परिस्थितियां बनेंगी कि इस प्रकार बनाया गया गैर भाजपा-गैर कांग्रेस गठबंधन कम से कम इतनी सीटें लाने में सफल में होगा कि वह मोदी की भाजपा को चुनौती दे सके।