News TOP STORIES अन्तर्राष्ट्रीय राष्ट्रीय

श्रीलंका में इमरजेंसी के बाद बेकाबू हुए हालात, नेशनल टीवी पर प्रदर्शनकारियों का कब्जा; US ने रद की कांसुलर सेवाएं


  1. श्रीलंका के राष्ट्रपति गोटाबाया राजपक्षे ने देश छोड़ दिया है। लोग प्रदर्शन कर रहे हैं। पीएम ने आपातकाल का एलान किया है।
  2. प्रदर्शनकारियो ने नेशनल टीवी के दफ्तर पर कब्जा कर लिया है। टीवी का प्रसारण बंद कर दिया गया है।
  3. नाराज लोग श्रीलंका के प्रधानमंत्री के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं। तनाव की स्थिति को देखते हुए भारी सुरक्षाबल तैनात किया गया है।

कोलंबो, । श्रीलंका के राष्ट्रपति गोटाबाया राजपक्षे देश छोड़कर फरार हो गए हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, गोटाबाया मालदीव की राजधानी माले पहुंच गए हैं। बताया जा रहा है कि गोटाबाया राजपक्षे, उनकी पत्नी और एक अंगरक्षक, सैन्य विमान में सवार होकर फरार हो गए। सभी लोग अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से पड़ोसी मुल्क मालदीव रवाना हुए।

वहीं, गोटाबाया के फरार होने के बाद राजधानी कोलंबो में हालात बिगड़ गए हैं। लोगों में भारी नाराजगी देखी जा रही है। हजारों लोग सड़कों पर उतरकर प्रदर्शन कर रहे हैं। सुरक्षाबलों ने भीड़ को तितर-बितर करने के लिए आंसू गैस का इस्तेमाल किया।

  • 02:56 PM, 13 Jul 2022

    प्रदर्शनकारियों का पीएम आवास पर कब्जा

    प्रदर्शनकारियों ने पीएम आवास पर कब्जा कर लिया है। पीएम आवास पर मौजूद प्रदर्शनकारी नारेबाजी कर रहे हैं। सुरक्षाबलों ने प्रदर्शनकारी लोगों को पीएम आवास में घुसने से रोकने के लिए कोशिशें भी की थी।

  • 02:41 PM, 13 Jul 2022

    अमेरिकी दूतावास ने रद की कांसुलर सेवाएं

    श्रीलंका में जारी प्रदर्शन के बीच अमेरिका ने बड़ा फैसला लिया है। श्रीलंका में अमेरिकी दूतावास ने आज और कल के लिए सभी कांसुलर सेवाओं को रद कर दिया है।

  • 02:26 PM, 13 Jul 2022

    टीवी चैनल हुआ आफ एयर

    श्रीलंकाई मीडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, राष्ट्रीय टीवी चैनल ने प्रसारण बंद कर दिया है। कोलंबो स्थित टीवी चैनल के दफ्तर को प्रदर्शनकारियों ने घेर लिया है।

  • 02:08 PM, 13 Jul 2022

    सुरक्षाबल लगातार छोड़ रहे आंसू गैस के गोले

    प्रदर्शनकारी पीएम आवास में घुसने की कोशिश कर रहे हैं। प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए सुरक्षाबल लगातार आंसू गैस के गोले छोड़ रहे हैं।

  • 01:55 PM, 13 Jul 2022

    सुरक्षाबलों की मदद कर रहे प्रदर्शनकारी

    प्रदर्शनकारी सुरक्षाबलों की मदद भी कर रहे हैं। कोलंबो में प्रदर्शनकारियों ने घायल सिपाही की मदद की। लोग जवानों को पीने के लिए पानी भी दे रहे हैं।