Latest News नयी दिल्ली रांची राष्ट्रीय

संकट में हेमंत के भाई बसंत सोरेन का विधायक पद, खतरे में मुख्यमंत्री की कुर्सी!


रांची, । प्रंचड गर्मी से झुलस रहे झारखंड में सियासी तापमान भी चरम पर है। अच्छे मौसम के लिए पहचानी जानी वाली राजधानी रांची का तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर चल रहा है। यहां के वाशिंदे इतनी गर्मी के आदी नहीं हैं और वह बेकरार हैं कब इंद्र देवता उन पर राहत की फुहार बरसाएंगे, लेकिन राजनीतिक रूप से बढ़े तापमान से राज्यवासियों को बहुत ज्यादा अचरज नहीं है।

पिछली रघुवर दास की सरकार को छोड़ दिया जाए तो यहां का राजनीतिक इतिहास काफी उथल-पुथल भरा रहा है। एक बार फिर राज्य ऐसी ही परिस्थितियों की तरफ बढ़ता दिख रहा है। कारण गठबंधन सरकार के मुख्यमंत्री व झामुमो के कार्यकारी अध्यक्ष हेमंत सोरेन और उनके भाई विधायक बसंत सोरेन द्वारा खनन पट्टा लेने को लेकर उभरा विवाद है। पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रघुवर दास ने ही इसे सार्वजनिक किया है। इसके खिलाफ भाजपा ने राज्यपाल से लेकर निर्वाचन आयोग तक गुहार लगाई है। जनप्रतिनिधित्व कानून के मुताबिक ऐसा करना गलत है और प्रमाणित हो जाने पर दोनों की विधानसभा की सदस्यता निरस्त की जा सकती है। बहरहाल, भारत निर्वाचन आयोग ने इस शिकायत की प्रामाणिकता को लेकर राज्य के मुख्य सचिव को पत्र भेजा है।