Latest News नयी दिल्ली राष्ट्रीय

संस्कृति मंत्रालय ने बताया, आजादी का अमृत महोत्सव के तहत सात माह में 7000 कार्यक्रम हुए


  1. नई दिल्ली, । आजादी का अमृत महोत्सव के तहत सरकार ने सात माह में सात हजार कार्यक्रम आयोजित किए हैं। देश की आजादी की 75वीं वर्षगांठ मनाने के लिए 12 मार्च 2021 को अभियान की शुरुआत की गई थी। पब्लिक अफेयर्स फोरम आफ इंडिया के डिजिटल माध्यम से आयोजित आठवें राष्ट्रीय फोरम में संस्कृति सचिव गोविंद मोहन ने कहा, अभियान सरकारी विभागों द्वारा चलाया जा रहा है और इससे निजी क्षेत्र को भी जुड़ना चाहिए। अभियान के तहत हम एक सहयोगात्मक तालमेल बनाने का प्रयास कर रहे हैं। इसका सार यह है कि हम विभिन्न मंत्रालयों, विभागों और सरकारों के सामान्य कामकाज में बदलाव लाना चाहते हैं। हम साथ मिलकर काम करने का प्रयास कर रहे हैं। सहयोगात्मक रवैये के कारण ही आर्थिक प्रगति को बल मिलेगा।

उन्होंने कहा कि चाहे वह ‘ईज आफ डूइंग बिजनेस’ या ‘गति शक्ति’ जैसे कार्यक्रम हों, यह तभी काम कर पाएंगे जब हम साइलो अप्रोच को छोड़ दें और कन्वर्जेंस अप्रोच पर काम करने लग जाएं। ‘इस अभियान में अभी बड़ी संख्या में निजी भागीदारी को भाग लेना बाकी है। हम अगले तीन महीनों के दौरान चैंबर्स को एक साथ लाना चाहते हैं और अभियान से जोड़ना चाहते हैं।

मोहन ने कहा कि यह कार्यक्रम उन लोगों के बलिदान को पहचानने के लिए मनाया जा रहा है, जिन्होंने देश की आजादी के लिए लड़ाई लड़ी लेकिन उन्हें याद नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम देश के विकास के लिए एक्शन लेने का रोडमैप तैयार करने का भी एक तरीका है।