Latest News उत्तर प्रदेश प्रयागराज राष्ट्रीय लखनऊ

समाजवादी पार्टी की प्रयागराज के शहर उत्तरी में खाता खोलने की है तैयारी


प्रयागराज, । प्रयागराज जनपद की मात्र शहर उत्तरी विधान सभा की सीट है, जहां समाजवादी पार्टी का खाता कभी नहीं खुल सका। यही नहीं पार्टी के उम्मीदवार कभी सीधी लड़ाई में भी नजर नहीं आए। भारी अंतर से पार्टी प्रत्याशियों को पराजय का सामना करना पड़ा। हालांकि इस बार के विधान सभा चुनाव में इस किले पर फतह करने की रणनीति बनाई जा रही है।

शहर उत्‍तरी विधान सभा से सपा को नहीं मिली है सीट

शहर उत्तरी विधान सभा क्षेत्र से वर्ष 2002 से पहले सपा ने हमेशा दूसरी पार्टी को ही समर्थन दिया था। 2002 में पहली बार समाजवादी पार्टी के टिकट से प्रत्याशी को मैदान में उतारा गया, लेकिन पराजित हो गए। 2007 और 2012 में भी हार का सामना करना पड़ा। वर्ष 2017 के चुनाव में सपा ने कांग्रेस से गठबंधन किया, जिस पर कांग्रेस-सपा गठबंधन से अनुग्रह नारायण सिंह मैदान में उतरे, लेकिन पराजय ही मिली।

शीर्ष पार्टी नेतृत्‍व के साथ स्‍थानीय पदाधिकारियों को है कसक

सपा कभी यहां से अपना खाता नहीं खोल सकी। यही कसक शीर्ष नेतृत्व के साथ ही स्थानीय पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं में भी है। वे जानते भी हैं कि शहर उत्तरी की सीट पर आसानी से जीत नहीं मिल सकती, इसलिए इस यहां से जीत दर्ज करने के लिए सपाई मजबूत रणनीति बना रहे हैं। एक-एक बूथ को मजबूत करने के साथ ही कार्यकर्ताओं को जीत का मंत्र दिया जा रहा है। वहीं, यहां से मैदान में किस उम्मीदवार को उतारा जाए, इसे लेकर गहन मंथन भी हो रहा है। जातीय समीकरण के साथ ही किसकी लोगों के बीच मजबूत पैठ है, इसे भी देखा जा रहा है।