पटना

सहरसा: सिहौल सुपर पावर ग्रिड राष्ट्र को समर्पित


ऊर्जा मंत्री आर.के. सिंह ने किया उद्घाटन, सहरसा, सुपौल मधेपुरा, खगडिय़ा और बेगूसराय को मिलेगी 24 घंटे बिजली

सहरसा (आससे)। सहरसा के सिहौल विद्युत केंद्र को केंद्रीय ऊर्जा मंत्री आर के सिंह ने आज राष्ट्र को समर्पित किया। 550 करोड़ की लागत से बने इस केंद्र का लोकार्पण करते हुए केंद्रीय विद्युत, नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्री आरके सिंह ने कहा कि वर्ष 2019 में हम लोगों ने इसका शिलान्यास किया था और प्रबंध निदेशक के तत्परता के कारण आज इसका लोकार्पण भी कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि हमारी सरकार गरीबों के लिए कटिबद्ध है। बांकी लोग गुंडागर्दी करते हैं, कौन करते हैं सबको पता है। प्रधानमंत्री जी ने हमें बहुत बड़ी जिम्मेदारी देते हुए कहा कि हर एक घरों को बिजली से जोड़ना है। और हम गर्व से कह सकते हैं कि हमने 2 करोड़ 86 लाख घरों को बिजली से जोड़ा है। जो दुनिया का इतिहास है। हर खेत तक पानी मिले उसके लिए अलग से कृषि फिडर बना रहे हैं। इससे 1 रूपया 99 पैसा के दर से  बिजली मिलेगी। उन्होंने कहा कि आज के दिन 1 लाख 99,000 मेगा वाट उत्पादन हो रहा है जो 2 लाख 20 हजार मेगावाट जल्द ही हो जाएगा। उन्होंने कहा कि कोयले की दिक्कत हो रही है। क्योंकि मांग बढ़ रही है, इसलिए उत्पादन बढाना है। इसका भी समाधान कर रहे हैं। इस ग्रिड के बन जाने से हमें खुशी हो रही है। क्योंकि इस धरती का हमारे लिए अलग महत्व है।

उन्होंने पुरानी यादों को ताजा करते हुए कहा कि मैं पहले गंगजला में रहता था। उन्होंने कहा कि यहां की मिट्टी में आयरन है और यह आयरन हम लोगों में सदा बना रहेगा। उन्होंने कहा कि इस ग्रीड के बन जाने से हमें खुशी हो रही है। यह राष्ट्रीय ग्रीड से जुड़ जाएगा। उन्होंने कहा कि नेपाल में दो हाइड्रो प्रोजेक्ट बन रहे हैं। विभिन्न जगह से यहां बिजली आएगा। बिहार का जो मांग बढ रहा है उस अनुकूल हम व्यवस्था भी कर रहे हैं।

मंत्री ने कहा कि हमारे प्रधानमंत्री मोदी जी गरीबों के लिए कई कार्यक्रम चला रहे हैं। अभी डेढ़ करोड़ लोगों को आवास योजना का लाभ मिला है और ढाई करोड़ लोगों को आवास योजना से जोड़ना है। हर एक राज्य में दो एम्स बनाऐ जाएंगे। आयुष्मान योजना के द्वारा आम लोगों को स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराया जाएगा। 80 करोड़ लोगों को मुफ्त अनाज दिया गया है। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि नेपाल के अरुण कोशी पर दो प्रोजेक्ट दिया गया है। पूर्व में ओली जी से मुलाकात करके इस परियोजना की स्वीकृति दी गई थी। इस परियोजना से बाढ में कमी आएगी।

बिहार सरकार के ऊर्जा मंत्री विजेंद्र प्रसाद यादव ने कहा कि यह ग्रीड 5 जिलों को आच्छादित करेगा। इसमें कुल मिलाकर 955 करोड़ रुपए खर्च हुए हैं और इस ग्रिडको किशनगंज ,पूर्णिया, सीतामढ़ी, मोतिहारी और मुजफ्फरपुर ग्रिड से इंटरकनेक्ट किया गया है। बाढ़ और तूफान में जो खतरा होता था उस स्थिति में यह इंटरकनेक्शन बेहतर काम करेगा। जिससे कि कभी लाइन नहीं कटेगी। उन्होंने इलाके के लोगों की तरफ से केंद्रीय मंत्री आरके सिंह को बधाई दी और कहा कि बाढ़ के विकराल समस्या में बिजली मुहैया कराने के लिए केंद्रीय मंत्री को इतिहास स्मरण रखेगा।

पावर ग्रिड कारपोरेशन ऑफ़ इंडिया के प्रबंध निदेशक के० श्रीराम ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि यह परियोजना 40 से 45 माह की अवधि में पूरी हुई है। यह उपकेंद्र राज्य के ऊर्जा में महत्वपूर्ण योगदान देगा। इस केंद्र के निर्माण में स्थानीय लोगों का भी सहयोग मिला मैं उनके प्रति भी आभार प्रकट करता हूं। सहरसा उपकेंद्र से पटना और किशनगंज ग्रिड स्टेशन के माध्यम से सहरसा, सुपौल, खगड़िया एवं बेगूसराय जिले में बिजली की आपूर्ति की जा रही है। इन जिलों में 1400 एमवीए तक की पावर सप्लाई की जाती है। इस सबस्टेशन का संचालन 265 सब स्टेशन के स्वामित्व वाले कंपनी पावर ग्रिड कर रही है। महिषी के विधायक गुंजेश्वर साह ने कहा कि कोसी के क्षेत्र में बिजली को पहुंचाने के लिए दोनों ऊर्जा मंत्री जी का आभार प्रकट करता हूं। बिहार के मुख्यमंत्री जो युगदृष्टा है उन्होंने बिहार में 500 जन कल्याणकारी योजना चला रखी है। हमारी सरकार हर क्षेत्र में विकास कर रही है।

इस कार्यक्रम में सहरसा के जिलापदाधिकारी आनंद शर्मा, आरक्षी अधीक्षक लिपि सिंह, भाजपा के जिलाध्यक्ष दिवाकर सिंह, जदयू के जिलाध्यक्ष चंद्र देव मुखिया, पूर्व विधायक अरुण कुमार, जदयू नेता आनंदी मेहता, अक्षय झा, विष्णु देव मिश्रा सहित भाजपा एवं जदयू के बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद थे।