News TOP STORIES नयी दिल्ली मध्य प्रदेश

सांसद प्रज्ञा सिंह ठाकुर को सांस लेने में तकलीफ, एयर एम्‍बुलेंस के जरिए ले जाई गईं मुंबई


भोपाल, भोपाल की सांसद प्रज्ञा सिंह ठाकुर (Pragya Singh Thakur) को सांस लेने में तकलीफ की शिकायत के बाद मुंबई ले जाया गया है। समाचार एजेंसी एएनआइ ने सांसद के कार्यालय के हवाले से बताया है कि प्रज्ञा को कोकिलाबेन अस्पताल में भर्ती कराया जाएगा। अभी फरवरी महीने में ही प्रज्ञा सिंह ठाकुर को अचानक से तबीयत बिगड़ जाने के कारण दिल्ली के एम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया था। तब भी उन्हें सांस लेने में तकलीफ थी।

भारतीय जनता पार्टी के टिकट पर सांसद बनी साध्वी प्रज्ञा ने लोकसभा चुनाव में भोपाल सीट से अपनी किस्मत आजमाई थी। प्रज्ञा ने कांग्रेस के दिग्‍गज नेता और मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह को शिकस्‍त दी थी। मालूम हो कि प्रज्ञा साल 2008 के मालेगांव विस्फोट मामले की आरोपी हैं। इस मामले में प्रज्ञा के अलावा, एलटी कर्नल पुरोहित, चतुर्वेदी और कुलकर्णी, अजय रहीरकर, सेवानिवृत्त मेजर रमेश उपाध्याय और सुधाकर द्विवेदी भी आरोपी हैं।

उल्लेखनीय है पिछली सुनवाई में इन सात अभियुक्तों में से चार अदालत में उपस्थित हुए थे जबकि 19 दिसंबर को एनआईए की विशेष अदालत में साध्वी प्रज्ञा ठाकुर (Pragya Singh Thakur), लेफ्टिनेंट कर्नल प्रसाद पुरोहित और सुधाकर चतुर्वेदी सहित तीन आरोपी पेश नहीं हुए थे। स्वास्थ्य संबंधी तकलीफों के कारण प्रज्ञा सिंह को उन्हें एम्स में भर्ती कराया गया था। अदालत ने प्रज्ञा सिंह ठाकुर समेत अन्य आरोपियों को सुनवाई के दौरान पेश होने का आदेश दिया है।