Latest News पटना बिहार राष्ट्रीय

सारण के मस्तीचक में गायत्री महायज्ञ में मची भगदड़, दो महिलाओं की मौत, पांच घायल –


सारण। बिहार के सारण जिला के दरियापुर प्रखंड के मस्तीचक में चल रहे 251 कुंडीय गायत्री महायज्ञ में भगदड़ मचने की खबर सामने आ रही है।

भाड़ी भीड़ होने की वजह से कुछ महिलाएं दब गईं। इनमें से दो की मौत हो गई है, जबकि पांच घायल बताई जा रही है। इसी महायज्ञ एवं आई हॉस्पिटल का उद्घाटन के लिए एक दिन पहले गुरुवार को राज्यपाल पहुंचे हुए थे।

काफी संख्या में उमड़ी थी भीड़

यह महायज्ञ तीन-चार दिनों से चल रहा है। आज इसका समापन है। इस मौके पर महायज्ञ में शामिल होने के लिए काफी संख्या में महिलाओं की भीड़ उमड़ पड़ी थी।

घायलों और मृतकों की हुई पहचान

मृतकों में औरंगाबाद जिले के दाऊद नगर निवासी राम प्यारे राम की पत्नी 56 वर्षीया रामकली देवी हैं। घायलों में आरा जिले के सुरेश तिवारी की पत्नी गीता देवी, औरंगाबाद के राजाराम साह की पत्नी माछी देवी , स्व प्रकाश साह की पत्नी फूल कुमारी देवी, दरभंगा जिले के पुतुल झा की पत्नी रामा देवी व वीरेंद्र मिश्र की पत्नी बुची देवी बताई गई हैं। ये सभी पीएमसीएच रेफर कर दी गई हैं।

मौके पर पहुंचे डीएम और एसपी, जारी किया बयान

इस घटना की जानकारी मिलने के बाद डीएम अमन समीर व एसपी डाक्टर गौरव मंगल मौके पर पहुंचे हुए हैं। इस संबंध में पूछे जाने पर एसपी डा.गौरव मंगला ने बताया कि गायत्री महायज्ञ में श्रद्धालुओं की भीड़ को नियंत्रित कर सहूलियत देने की पूरी व्यवस्था है।

मृत दोनों महिला श्रद्धालु वृद्ध थीं। घटना की जांच और आवश्यक कार्रवाई के साथ सुविधा को और अधिक सुदृढ़ करने की दिशा में पुलिस प्रशासन सक्रिय है। बताते चले कि एक दिन पूर्व बिहार के राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर यहां पहुंचे हुए थे और उन्होंने अखंड ज्योति आई हास्पिटल का उद्घाटन किया था।

इसके साथ ही यज्ञ में भी वह शामिल हुए थे। उनके अलावा कई अन्य गणमान्य भी उसमें शामिल हुए थे।