News TOP STORIES उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय लखनऊ

सिद्धार्थनगर में बोले सीएम योगी, मोदी को तीसरा कार्यकाल दीजिए, तीसरे नंबर की अर्थव्यवस्था बनेगा भारत


सिद्धार्थनगर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जो भारत दुनिया के 11वें नंबर की अर्थव्यवस्था के रूप में जाना जाता था। वह आज मोदी जी के नेतृत्व में पांचवें नंबर की अर्थव्यवस्था बन चुका है। मोदी जी को तीसरा कार्यकाल दीजिए, भारत अगले तीन वर्षों में तीसरे नंबर की अर्थव्यवस्था बन जाएगा।

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि तीसरी अर्थ व्यवस्था का मतलब है कि प्रति व्यक्ति आय में काफी बढ़ोत्तरी होगी। देश की जीडीपी बढ़ेगी तो प्रदेश व जिलों की भी आय बढ़ जाएगी। घर-घर में खुशहाली आएगी।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ यहां 1895 करोड़ की 551 परियोजनाओं का शिलान्यास व लोकार्पण करने आए थे। इस अवसर पर उपस्थित जन समुदाय को संबोधित करते हुए कहा कि आज भारत प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के संकल्प के साथ आगे बढ़ रहा है। प्रधानमंत्री ने आजादी दिवस पर अमृत महोत्सव के अवसर पर विकसित भारत के लिए कहा था। हम सबका संकल्प होना चाहिए विकसित भारत।

मुख्यमंत्री ने तीन बार लोगों से पूछा हमारा संकल्प, जवाब में लोगों ने कहा कि विकसित भारत। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के लिए विकसित उत्तर प्रदेश आवश्यक है। विकसित उत्तर प्रदेश के लिए विकसित सिद्धार्थनगर का होना जरूरी है। विकसित सिद्धार्थनगर के लिए भाजपा आवश्यक है।

 

कांग्रेस, सपा, बसपा को सिर पर ढोने की आवश्यता नहीं

मुख्यमंत्री ने लोगों से सवाल किया कि ये जो गरीब को राशन मिल रहा है कांग्रेस, सपा, बसपा के लोग दे पाते क्या? गरीब को जो रोजगार मिल रहा है, वह क्या कांग्रेस, सपा, बसपा के लोग दे पाते? आज जो गरीबों को पांच लाख रुपये तक स्वास्थ्य बीमा कवर दिया जा रहा है, वह क्या ये लोग दे पाते। सभी का उत्तर जनता ने नहीं कहकर दिया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जब यह लोग आपके सम्मान की रक्षा नहीं कर सकते हैं। यह आपकी आस्था का सम्मान नहीं कर सकते हैं तो इन्हें सिर पर बिठाकर ढोने की आवश्यता भी नहीं है।

होली के पूर्व लगभग 1900 करोड़ की परियोजनाओं के लिए सिद्धार्थनगर की जनता बधाई की पात्र है। आज हमारा भारत बदल चुका है। दुनिया में भारत का सम्मान बढ़ रहा है। पूरी दुनिया के अंदर कहीं भी भारतवासी जाता है तो वह सम्मान के साथ देखा जाता है। विकास की बड़ी-बड़ी योजनाएं आ रही हैं। कहीं हाईवे, कहीं रेलवे, कहीं एयरपोर्ट दिया जा रहा है।

कहा कि चार साल से हर गरीब को फ्री में राशन, पांच लाख रुपये तक स्वास्थ्य बीमा कवर हर गरीब को दिया जा रहा है। बेटी के जन्म से लेकर उसकी शादी तक के लिए सरकार तमाम योजनाएं चला रही है। आज बेटी को उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना के साथ उसे आगे बढ़ाने का कार्य किया जा रहा है। एक जिला एक उत्पाद के माध्यम से कालानमक को वैश्विक मान्यता मिली है।

 

एक करोड़ से अधिक लोग कर चुके हैं राममंदिर का दर्शन

सीएम योगी ने कहा कि इस नये भारत में नौजवानों के आजीविका भी है और आम नागरिक के आस्था का सम्मान भी है। हमने 500 वर्षों का इंतजार समाप्त किया न। अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण हुआ। उन्होंने लोगों से सवाल किया कि कितने लोग अयोध्या गए हैं। उत्तर में हजारों लोगों ने हाथ उठा दिया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सिद्धार्थनगर जनपद के काफी लोग जा चुके हैं। उन्होंने बताया कि 23 जनवरी से लेकर 10 मार्च तक अयोध्या में एक करोड़ श्रद्धालुओं ने दर्शन किया है। कल मैं अयोध्या में था। लाखों लोग आ रहे हैं। अब आप लोग भी जाइए। अयोध्या में दर्शन करके आइए।

कहा कि सिद्धार्थनगर जनपद एक आकांक्षात्मक जनपद से उबर करके एक विकसित जनपद बन रहा है। सिद्धार्थनगर में बुनियादी सुविधाएं नहीं थीं। शासन की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ किसी गरीब को नहीं मिल पाता था। यह शिक्षा व स्वास्थ्य के क्षेत्र में पिछड़ा था। यहां रोजगार नहीं था। यहां एक तरफ माफिया गरीब के हक को हड़पता था तो दूसरी तरफ मच्छर यहां की नौजवानी को बचपन में ही निगल जाता था। इस समस्या से पीड़ित जनपदों में सिद्धार्थनगर भी शामिल था।

कहा, मैंने अपनी आंखों से पिछले 30 वर्षों में इंसेफेलाइटिस की महामारी से काल कवलित होते देखा है। बच्चों के जीवन को बचाने के लिए मैं सड़क से संसद तक लड़ाई लड़ता था। उस समय इस मुद्दे पर विपक्ष में रहकर भी जगदंबिका पाल मेरे साथ थे। उस समय कांग्रेस की सरकार थी। जगदंबिका पाल कांग्रेस की सरकार थी। कांग्रेस की सरकार के विरुद्ध मेरा प्रस्ताव था और उस सदन में मासूमों को बचाने के जगदंबिका पाल अपनी ही सरकार के विरुद्ध खड़े होते थे। अब सिद्धार्थनगर इंसेफेलाइटिस से मुक्त हुआ। इसका प्रमुख कारण है कि हमने मच्छर भी समाप्त किया। माफिया भी समाप्त किया और मच्छर व माफिया समाप्त होते हैं तो बीमारी भी समाप्त होती है। सिद्धार्थनगर अब बीमारू जिले की श्रेणी से उबर करके विकसित जनपदों की श्रेणी में आ खड़ा हुआ है।

 

ऐसे बदल रही सिद्धार्थनगर की तस्वीर

मुख्यमंत्री ने कहा कि वह आज सुबह सिद्धार्थनगर की समीक्षा कर रहे थे। पता चला कि आज सिद्धार्थ विश्वविद्यालय एक नये प्रतिमान को स्थापित कर रहा है। अब वहां नये पाठ्यक्रम प्रारंभ हो चुके हैं। स्वच्छ भारत मिशन योजना यहां के बच्चों की बीमारी को पूरी तरह समाप्त करके लोगों को एक नया जीवन दे रहा है। माधव बाबू के नाम पर माधव प्रसाद त्रिपाठी मेडिकल कालेज सिद्धार्थनगर की नई पहचान बन रहा है। यहां की बेटियों को नर्सिंग की पढ़ाई के लिए दूर न जाना पड़े, इसके लिए आज नर्सिंग कालेज का शिलान्यास मेरे द्वारा किया गया है। जिन गांवों में हर घर नल योजना से अब तक शुद्ध पेयजल नहीं पहुंचा है, वहां शुद्ध आरओ का पानी पहुंचाने के लिए शिलान्यास किया गया है। जो गांव कनेक्विटी से नहीं जुड़ पाए हैं, उन गांवों को कनेक्विटी से जोड़ने के लिए शिलान्यास किया गया है।

सांसद पाल के लिए सीएम ने बांधा तारीफों का पुल

सांसद जगदंबिका पाल का जब टिकट जब घोषित हुआ तो लोग कह रहे थे कि एक बुजुर्ग व्यक्ति को टिकट दे दिया, लेकिन आज जब वह भाषण कर रहे थे तो लग रहा था कि कोई 40 साल का नौजवान बोल रहा है। अच्छे-अच्छे जवान उनके सामने फेल हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले 10 वर्षों में मैने देखा कि कोई सांसद अपने संसदीय क्षेत्र में जनता के साथ इतना घुला मिला है तो वह जगदंबिका पाल हैं। वह उनके सुख-दुख के लिए की आवाज उठाते हैं। यह जिस प्रकार से यहां के लोगों के साथ जुड़े हैं, उस प्रकार का सांसद मिलना कठिन है।