पटना

सीतामढ़ी: ईट भट्ठा संचालक की गोली मारकर हत्या, अपराधियों ने दो लाख रुपए लूटे


रीगा (सीतामढ़ी)। थाना क्षेत्र के कुसमारी-खैरवा पथ में कुशमारी गांव से 100 मीटर दूर ईट भट्ठा संचालक को अज्ञात अपराधियों ने गोली मारकर हत्या कर दी।  मृतक की पहचान थाना क्षेत्र के कुशमारी गांव निवासी राजेंद्र महतो के 40 वर्षीय पुत्र अजय महतो के रूप में की गई है।  जानकारी के अनुसार अजय महतो अपने भाई शंभू महतो के साथ कुशमारी गांव से 500 मीटर पूरब अपने ईट भट्ठा पर जा रहा था।  प्रत्येक रविवार को भट्ठा में काम करने वाले मजदूरों को सप्ताहिक भुगतान किया करते थे।

रविवार दोपहर 3 बजे पल्सर पर सवार तीन अपराधियों ने कुशमारी गांव तरफ से ही भट्ठा संचालक अजय महतो का पीछा करने लगे।  भट्ठा पर पहुंचने से पूर्व ही खदेड़ कर अजय महतो को सीने में गोली मार दिया।  आनन-फानन में भट्ठा में काम करने वाले मजदूर एवं उनके भाई संभू महतो इलाज के लिए सीतामढ़ी के डॉ वरुण कुमार के यहां भर्ती कराया गया है जहां डॉक्टर ने अजय महतो को मृत घोषित कर दिया।

समाचार लिखे जाने तक लूट की रकम का पता नहीं चल सका है।  स्थानीय लोग बताते हैं कि अपराधियों ने लूट की घटना का अंजाम देने के बाद गोली मारकर अजय महतो की हत्या कर दिया है।  अजय महतो का 3 पुत्र है, जो अभी अविवाहित है।  घटना के बाद पत्नी पूनम देवी एवं पुत्र समेत सभी का रो-रो कर बुरा हाल है।  अजय महतो अपने पूरे परिवार के साथ सीतामढ़ी पासवान चौक स्थित किराए के मकान में रहा करते थे।  समय-समय पर अपने घर कुशमारी एवं ईंट भट्ठा पर आया जाया करते थे।

चर्चा के मुताबिक अपराधियों ने ईट भट्ठा संचालक की गोली मारकर 2 लाख रुपए लूट लिया।  घटना की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष सुबोध कुमार एस आई अजय कुमार ने घटना स्थल पर पहुंचकर मामले की छानबीन की एवं आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुट गये है।  वहीं थानाध्यक्ष ने बताया कि घटना का कारण का अभी तक खुलासा नहीं हो सका है।