Latest News नयी दिल्ली मध्य प्रदेश

सीधी: शव वाहन का इंतजाम नहीं करा सकी एमपी सरकार, ट्रैक्टर ट्रॉली से पहुंचाए गए


नई दिल्ली, । मध्य प्रदेश के सीधी में बीती शाम हुए बस हादसे में अब तक 14 लोगों की मौत हो चुकी है। इतने बड़े हादसे के बाद खराब व्यवस्था की तस्वीर सामने आ रही है। बताया जा रहा है कि राज्य सरकार हादसे में मारे गए लोगों के शवों को घर भेजने के लिए वाहनों का इंतजाम भी नहीं कर सकी।

ट्रैक्टर ट्रॉली में लाना पड़ा शव

रिपोर्ट के मुताबिक, मृतकों के शवों को परिजनों के पास भेजने के लिए शव वाहन की व्यवस्था नहीं थी। किसी तरह परिजनों ने खुद ही ट्रैक्टर ट्रॉली की व्यवस्था की और शवों को घर लेकर आए। शव वाहन ना मिलने के चलते ट्रॉली में रखकर शव को लाना पड़ा। शवों के घर पर लाने के बाद सिर्फ चीख-पुकार ही मची रही।

अमित शाह की रैली से आ रहे थे लोग

हादसे में बस में सवार अशोक कूल पुत्र नवरंगी ने जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि शुक्रवार की दोपहर वह बस से गृह मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में शामिल होने गए हुए थे। उनकी बस में 60 से 61 लोग के करीब सवार थे। सभा के समापन के बाद अपने घर उसी बस से लौट रहे थे। तभी पीछे से एक बस ने जोरदार ठोकर मार दी।

14 लोगों की मौत

इस हादसे में अब तक 14 लोगों की जान जा चुकी है। 39 लोगों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। घायलों में 10 की हालत गंभीर बनी हुई है। जरूरत पड़ने पर मरीजों को एयरलिफ्ट किया जा सकता है।