Latest News नयी दिल्ली राष्ट्रीय लखनऊ

सुरजेवाला के बयान पर बवाल जारी भाजपा बोली- यही है घमंडिया गठबंधन की असली मानसिकता –


नई दिल्ली, । कांग्रेस नेता रणदीप सुरजेवाला के हरियाणा में दिए एक विवादित बयान के बाद राजनीतिक घमासान मच गया है। कांग्रेस नेता द्वारा मतदाताओं को राक्षस कहे जाने पर भाजपा ने हमला बोला है। भाजपा ने कहा कि कांग्रेस और उनके नए गठबंधन की यही असली मानसिकता है।

‘घमंडिया’ गठबंधन की यही मानसिकता

भाजपा नेता गौरव भाटिया ने सुरजेवाला के बयान पर निशाना साधते हुए कहा कि इससे पता चलता है कि ‘घमंडिया’ अब किस तरह भारत की जनता का अपमान कर रहा है। इससे पता चलता है कि भारत में ‘राक्षस’ प्रवृत्ति की मानसिकता ‘घमंडिया’ के अंदर ही बसती है। उन्होंने कहा कि ये सब केवल राहुल गांधी के निर्देशों के तहत होता है।

जनता सिखाएगी सबक

गौरव ने कहा कि कुछ दिन पहले ही राहुल ने सदन के पटल पर कहा कि भारत माता की हत्या हो गई है, मैं विनम्रतापूर्वक कहना चाहूंगा कि जनता का सम्मान किया जाना चाहिए चाहे कुछ भी हो वे जिस पार्टी को वोट देते हैं। संविधान के अनुसार यह उनका अधिकार है।

कांग्रेस और I.N.D.I.A गठबंधन पर निशाना साधते हुए गौरव भाटिया ने कहा,

चुनाव नजदीक आ रहे हैं। जनता उन्हें ऐसा सबक सिखाएगी कि वे समझ जाएंगे कि भारत के मजबूत लोकतंत्र में लोग भगवान के समान हैं और जो “राक्षसी” मानसिकता रखते हैं भारत में राजनीति में रहने का कोई अधिकार नहीं है।

क्या यही ‘मोहब्बत की दुकान’ है?

उधर, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भी सुरजेवाला पर हमला बोला और कहा,

जब नाश मनुज पर छाता है, पहले विवेक मर जाता है। कांग्रेस नेता जनता को ‘राक्षस’ कह रहे हैं। क्या बीजेपी को वोट देने वाले करोड़ों लोग ‘राक्षस’ हैं? सोनिया गांधी और राहुल गांधी का क्या मानना है? क्या आप जनता को “राक्षस” मानते हैं? भाजपा जनता को ‘भगवान’ मानती है। मैं हमेशा कहता हूं कि मध्य प्रदेश मेरा मंदिर है, वहां रहने वाली जनता मेरी भगवान है और हम उस भगवान के पुजारी हैं। आप खुद को भगवान मानते हैं। क्या यही आपकी ‘मोहब्बत की दुकान’ है?’

कांग्रेस ने विपक्ष में बने रहने का निर्णय लियाः हरदीप पुरी

केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने सुरजेवाला की ‘राक्षस’ वाली टिप्पणी पर कहा कि कांग्रेस अब और घाटा खाएगी। उन्होंने कहा कि यह स्पष्ट है कि कांग्रेस ने विपक्ष में बने रहने का निर्णय ले लिया है।