News TOP STORIES नयी दिल्ली मनोरंजन महाराष्ट्र राष्ट्रीय

सुर कोकिला लता मंगेशकर का अंतिम सफर, विदाई देने के लिए लोगों का हुजूम उमड़ा


नई दिल्‍ली । लता मंगेशकर के निधन से आज पूरा देश गमगीन है। अपनी आवाज के जरिए गीतों में जान फूंकने वाली लता मंगेशकर के निधन के साथ एक स्‍वर्णीम युग का भी अंत हो गया है। उनकी आवाज का जादू हमेशा देशवासियों पर राज करता रहेगा। उनके निधन पर राष्‍ट्रपति रामनाथ कोविंद और पीएम नरेन्‍द्र मोदी ने दुख व्‍यक्‍त किया है। उनके निधन पर केंद्र सरकार ने दो दिन के राष्‍ट्रीय शोक की घोषणा की है। पीएम नरेन्‍द्र मोदी ने अपने ट्वीट में उनके निधन को अपूर्णीय क्षति बताया है। प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी उनके अंतिम दर्शनों के लिए मुंबई जा रहे हैं। उनका अंतिम संस्‍कार पूरे राजकीय सम्‍मान के साथ शिवाजी पार्क में शाम साढ़े छह बजे किया जाएगा। ये इत्‍तफाक ही है कि जिस गीत ए मेरे वतन के लोगों, ने उन्‍हें एक नई पहचान दी थी उसको लिखने वाले कवि प्रदीप का आज जन्‍मदिन भी है। आज ही लता स्‍वर्ग के लिए प्रस्‍थान कर गईं।

ताजा अपडेट

– कोविड प्रोटोकाल के साथ लता मंगेशकर के पार्थिव शरीर को शिवाजी पार्क लेकर जाया जा रहा है। शाम साढ़े 6 बजे उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा. रास्तेभर में लता मंगेशकर के चाहनेवाले उनके अंतिम दर्शन के लिए आ रहे हैं।

– मुंबई में भारी संख्‍या में लोग सुरों की देवी लता मंगेशकर के अंतिम यात्रा में शामिल हुए। उनका पार्थिव शरीर उनके ‘प्रभुकुंज’ निवास से शिवाजी पार्क की ओर जा रहा है। महान गायि‍का का अंतिम संस्कार आज शाम 6.30 बजे शिवाजी पार्क में किया जाएगा।

सुर साम्राज्ञी लता मंगेशकर के निधन पर राजस्‍थान और मध्य प्रदेश में दो दिन का राजकीय शोक रहेगा। इस दौरान राष्ट्रीय ध्वज आधा झुका रहेगा।

 नेपाल की राष्ट्रपति विद्या देवी भंडारी ने भारत रत्न लता मंगेशकर के निधन पर शोक व्यक्त किया।

– महाराष्‍ट्र के मुख्‍यमंत्री कार्यालय ने कहा कि भारत रत्न लता मंगेशकर के निधन पर शोक व्यक्त करने के लिए महाराष्ट्र सरकार ने कल (7 फरवरी) को सार्वजनिक अवकाश घोषित किया गया है।

– पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा कि गायिका लता मंगेशकर के निधन पर राज्‍य सरकार कल (7 फरवरी) आधे दिन का शोक मनाएगी। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने अगले 15 दिनों के लिए हर सार्वजनिक स्थान, सरकारी कार्यालय और ट्रैफिक सिग्नल पर भारत रत्न लता मंगेशकर के गाने बजाने की घोषणा की।

– अभिनेता शत्रुघ्न सिन्हा ने कहा कि लता जी खुद अमर हैं और उनकी ही तरह उनके गाने भी अमर हैं। 80 सालों तक लता जी ने अपने गानों से देश की सेवा की है। लता जी को जितने ख़िताब दिए गए, मुझे लगता है कि उन ख़िताबों ने नहीं बल्कि लता जी ने उन्हें लेकर उनख़िताबों की शोभा बढ़ाई है।

– हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने कहा कि जब तक भारतीय गीत संगीत लोगों का मनोरंजन करेगा तब तक लता दीदी की आवाज़ भी सुनी जाती रहेगी। देश की लगभग हर भाषा में गीत गाकर उन्होंने अपनी आवाज़ के माध्यम से देश को एकता के सूत्र में बांधने का काम किया। मेरी परमपिता परमात्मा से प्रार्थना है कि उनकी आत्मा को अपने श्री चरणों में स्थान दें और उनके परिजनों को ये असीम दुख सहने की शक्ति प्रदान करें।

-बृहन्मुंबई नगर निगम आयुक्त इकबाल सिंह चहल ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज शाम लगभग 5:45-6:00 बजे अंतिम संस्कार के मैदान में पहुंचेंगे, जिसके बाद लता मंगेशकर का अंतिम संस्कार शाम लगभग 6:15- 6:30 बजे किया जाएगा।

-लता मंगेशकर को आखिरी अलविदा कहने के लिए सदी के महानायक अमिताभ बच्चन उनके घर प्रभुकुंज पहुंच गए हैं। अमिताभ बच्चन के साथ उनके बेटी श्वेता बच्चन भी प्रभुकुंज पहुंची हैं।

-लता मंगेशकर का पार्थिव शरीर ब्रीच कैंडी अस्पताल से उनके घर प्रभुकुंज पहुंचने के बाद उनके घर लोगों का तांता लग गया। लता मंगेशकर के अंतिम दर्शन के लिए लगातार लोग उनके घर पहुंच रहे हैं।

– लता मंगेशकर का पार्थिव शरीर ब्रीच कैंडी अस्‍पताल से घर ले जाया जा रहा है । उनके अंतिम दर्शन के लिए सचिन तेंदुलकर, महाराष्‍ट्र के सीएम समेत अन्‍य नेता भी अस्‍पताल पहुंचे हैं। अस्‍पताल से उनका घर दस मिनट की दूरी पर है।

– ब्रीच कैंडी से लेकर उनके घर और फिर शिवाजी पार्क तक एक ग्रीन कारिडोर बनाया गया है, जिससे उनकी अंतिम यात्रा में कोई परेशानी न आए। इस दौरान कोरोना प्रोटोकाल का भी पालन किया जाएगा।

– उनकी अंतिम यात्रा की तैयारियां जोर-शोर से की जा रही हैं। शिवाजी पार्क में भी तैयारी जोरों पर हैं। लोगों की भीड़ को देखते हुए सुरक्षा व्‍यवस्‍था पुख्‍ता की गई है।

गौरतलब है कि भारत सरकार ने 1987 में लता मंगेशकर को दादा साहब फाल्के पुरस्कार से सम्‍मानित किया गया था। वर्ष 2001 में उन्‍हें राष्ट्र के लिए उनके योगदान के लिए भारत के सर्वोच्च नागरिक सम्मान भारत रत्न से सम्मानित किया गया। वो इस सम्मान को पाने वाली एमएस सुब्बुलक्ष्मी के दूसरी महिला गानयिका हैं। इसके अलावा फ्रांस ने भी उन्हें वर्ष 2007 में अपने सर्वोच्च नागरिक पुरस्कार आफ द लीजन आफ आनर से सम्मानित किया था।

बता दें कि लता मंगेशकर को 8 जनवरी को कोरोना पाजीटिव पाए जाने के बाद मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्‍पताल में भर्ती कराया गया था। उनके इलाज के दौरान कई बार हालात सामान्‍य हुए तो कई बार गंभीर भी हुए। बीच में हालत में सुधार होने के बाद उन्‍हें वेंटिलेटर से हटा दिया गया था। उनका इलाज कर रहे डाक्‍टरों के मुताबिक, लता मंगेशकर का निधन रविवार सुबह 8:12 मिनट पर मल्‍टी आर्गन फेल्‍योर की वजह से हो गया।

अंतिम संस्‍कार साढ़े छह बजे

उनका अंतिम संस्‍कार शाम 6:30 बजे किया जाएगा। इससे पहले दोपहर 12-3 बजे के बीच आम जन उनके आखिरी दर्शन कर सकेंगे। उनके निधन पर केंद्र सरकार ने दो दिन के राष्‍ट्रीय शोक की घोषणा की है।