Latest News मनोरंजन महाराष्ट्र

सुशांत सिंह राजपूत की बहन प्रियंका को सुप्रीम कोर्ट से भी नहीं मिली राहत,


मुंबई। सुशांत सिंह राजपूत की दो बहनों मीतू और प्रियंका के खिलाफ दर्ज कराई गई रिया चक्रवर्ती की याचिका पर हाल ही में बॉम्बे हाईकोर्ट में सुनवाई हुई थी। इस मामले पर फैसला सुनाते हुए जहां कोर्ट ने मीतू को राहत दी, तो वहीं प्रियंका सिंह को तगड़ा झटका दे दिया। बॉम्बे हाईकोर्ट ने प्रियंका के खिलाफ रिया की FIR को रद्द करने से इनकार कर दिया है। जिसके बाद सुशांत सिंह राजपूत के परिवार ने रिया चक्रवर्ती (Rhea Chakraborty) की एफआईआर के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाया। वहीं, ताजा रिपोर्ट्स के मुताबिक, सुप्रीम कोर्ट ने भी प्रियंका सिंह को तगड़ा झटका दे दिया है।

बॉम्बे हाईकोर्ट से निराशा हाथ लगने के बाद प्रियंका सिंह ने सुप्रीम कोर्ट में फैसले को चुनौती दी थी। इस मामले में आज सुनवाई हुई है। जहां सुप्रीम कोर्ट ने भी प्रियंका सिंह के खिलाफ एफआईआर रद्द करने से मना कर दिया है। कोर्ट के इस फैसले के बाद प्रियंका की मुश्किलें साफ तौर पर बढ़ती नजर आ रही हैं।

बॉम्बे हाईकोर्ट से निराशा हाथ लगने के बाद सुशांत के परिवार के वकील ने बयान जारी कर कहा था’अदालत के आदेश को पढ़ने के बाद हम तय करेंगे कि हमें किस कदम पर आगे बढ़ना चाहिए और कितनी जल्दी हमें सुप्रीम कोर्ट का रुख करना चाहिए। लेकिन ये तो तय है कि हम प्रियंका को न्याय दिलाने के लिए सुप्रीम कोर्ट जरूर जाएंगे।’ इसके बाद ही प्रियंका ने SC का रुख किया। लेकिन वहां से भी उन्हें राहत नहीं मिल पाई है।