News TOP STORIES नयी दिल्ली राष्ट्रीय

सुशील चंद्रा ने संभाला देश के 24 वें मुख्य चुनाव आयुक्त का पदभार,


 निर्वाचन आयुक्त सुशील चंद्रा को अगला मुख्य निर्वाचन आयुक्त (सीईसी) नियुक्त किया गया। मंत्रालय के विधायी विभाग द्वारा जारी एक बयान के मुताबिक चंद्रा ने आज कार्यभार संभाल लिया है, वह 14 मई 2022 को पदमुक्त होंगे। मुख्य निर्वाचन आयुक्त के पद पर सुनील अरोड़ा का कार्यकाल खत्म हो गया है।

14 मई 2022 को समाप्त होगा कार्यकाल
अधिसूचना में कहा गया कि संविधान के अनुच्छेद 324 के खंड (दो) के आलोक में राष्ट्रपति ने सुशील चंद्रा को 13 अप्रैल 2021 के प्रभाव से मुख्य निर्वाचन आयुक्त नियुक्त किया है। चंद्रा को लोकसभा चुनाव के पहले निर्वाचन आयुक्त नियुक्त किया गया था। चंद्रा के कार्यकाल में निर्वाचन आयोग गोवा, मणिपुर, उत्तराखंड, पंजाब और उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव कराएगा। गोवा, मणिपुर, उत्तराखंड और पंजाब की विधानसभाओं का कार्यकाल अगले साल मार्च में अलग-अलग तारीखों पर खत्म होगा। उत्तर प्रदेश विधानसभा का कार्यकाल अगले साल 14 मई को समाप्त होगा।

राजीव कुमार हैं चुनाव आयुक्त
निर्वाचन आयोग में सेवाएं देने से पहले चंद्रा केंद्रीय प्रत्यक्ष कर बोर्ड के अध्यक्ष थे। अरोड़ा की सेवानिवृत्ति के बाद तीन सदस्यीय आयोग में एक पद रिक्त है। चंद्रा मंगलवार से मुख्य निर्वाचन आयुक्त होंगे जबकि राजीव कुमार चुनाव आयुक्त हैं। आईआईटी से बी-टेक कर चुके चंद्रा भारतीय राजस्व सेवा (आयकर कैडर) के 1980 बैच के अधिकारी हैं। चंद्रा के पहले टी एस कृष्णमूर्ति ऐसे आईआरएस अधिकारी थे जिन्हें निर्वाचन आयुक्त नियुक्त किया गया था। कृष्णमूर्ति 2004 में मुख्य निर्वाचन आयुक्त बने थे।