News TOP STORIES नयी दिल्ली राष्ट्रीय लखनऊ

सोनिया गांधी ने उठाया मनरेगा का मुद्दा, कहा- बजट में कटौती से श्रमिकों के भुगतान पर पड़ रहा असर


नई दिल्ली, रूस-यूक्रेन युद्ध का आज 36वां दिन है। रूस लगातार यूक्रेन के शहरों को निशाना बना रहा है। कई शहर रूस के हमले में पूरी तरह से बर्बाद हो गए हैं। वहीं, देश भर में कांग्रेस पार्टी आज पेट्रोल-डीजल के बढ़ते दामों को लेकर विरोध प्रदर्शन कर रही है। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने भी विजय चौक पर आयोजित विरोध प्रदर्शन में शामिल होकर सिलेंडर और मोटरसाइकिल पर फूल की माला चढ़ाई। साथ ही प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने राज्यसभा के 72 सेवानिवृत्त सदस्यों की विदाई पर राज्यसभा में बयान दिया। उन्होंने कहा कि सदन में अनुभवी साथियों की कमी खलेगी।

  • सोनिया गांधी ने मनरेगा को लेकर केंद्र सरकार से की मांग

    लोकसभा में कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी ने कहा कि मैं केंद्र सरकार से आग्रह करती हूं कि मनरेगा के लिए उचित आवंटन किया जाए। काम के 15 दिनों के भीतर कामगारों को मज़दूरी का भुगतान सुनिश्चित हो। साथ ही मजदूरी भुगतान में देरी की स्थिति में कानूनी तौर पर मुआवज़े का भुगतान सुनिश्चित हो। इसके साथ ही राज्यों की वार्षिक कार्य योजनाओं को बिना किसी देरी के तुरंत निर्धारित किया जाए।

     


  • गोवा के मुख्यमंत्री ने पेश किया बजट

     

    गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने बुधवार को राज्य का 24,467.40 करोड़ रुपये का बजट पेश किया। बजट 2022-23 पेश करते हुए सावंत ने कहा कि ये बजट राज्य और उसके लोगों के विकास और समृद्धि के लिए है।

  • यूक्रेन का दावा- रूस के 17,500 सैनिक मारे गए

     

    यूक्रेन के सशस्त्र बलों ने रूस के सैनिकों को लेकर बड़ा दावा किया है। यूक्रेन के मुताबिक, युद्ध शुरू होने के बाद से रूस के 17,500 सैनिक मारे गए हैं। जबकि 135 प्लेन और 131 हेलीकाप्टर गंवाए हैं। साथ ही रूस को 614 टैंकों का नुकसान हुआ है।

     


  • सोनिया गांधी से मिले तमिलनाडु के मुख्यमंत्री

     

    तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने आज संसद में कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी से मुलाकात की।

     

     


  • सोनिया गांधी ने लोकसभा में उठाया मनरेगा का मुद्दा

     

    सोनिया गांधी ने कहा कि इस साल मनरेगा का बजट साल 2020 की तुलना में 35 फीसदी कम है, जबकि बेरोजगारी लगातार बढ़ रही है। बजट में कटौती से कामगारों के भुगतान में देरी होती है, जिसे सुप्रीम कोर्ट ने बंधुआ मजदूरी माना है।

     

    लोकसभा में बोलीं सोनिया गांधी

    लोकसभा में सोनिया गांधी ने कहा कि मनरेगा जिसका कुछ साल पहले कई लोगों ने मजाक उड़ाया था। COVID और लाकडाउन में करोड़ों प्रभावित गरीबों को ठीक समय पर मदद करते हुए सरकार की बचाव में सकारात्मक भूमिका निभाई। फिर भी मनरेगा के लिए बजटीय आवंटन में लगातार कटौती की जा रही है।

  • सीएम केजरीवाल ने इलेक्ट्रिक आटो रिक्शा दिखाई हरी झंडी

     

    दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने इलेक्ट्रिक आटो रिक्शा को हरी झंडी दिखाकर आईपी ​​डिपो से रवाना किया। मुख्यमंत्री केजरीवाल ने कहा कि प्रदूषण को देखते हुए हम सभी वाहनों को इलेक्ट्रिक करने की तरफ ले जा रहे हैं। अब दिल्ली में इलेक्ट्रिक आटो चलेगी। हमने करीब 4000 इलेक्ट्रिक आटो रवाना किया है। 3,500 लोगों को एलओआई जारी हो चुके हैं। ये 3,500 लोग दिल्ली की सड़कों पर इलेक्ट्रिक आटो चलाएंगे।

  • संसद भवन पहुंचे तमिलनाडु के सीएम

     

    तमिलनाडु के सीएम एमके स्टालिन संसद भवन पहुंचे। सीएम स्टालिन आज प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय मंत्रियों अमित शाह और राजनाथ सिंह से मुलाकात कर सकते हैं।

  • पश्चिम बंगाल के भाजपा प्रमुख सुकांत मजूमदार का बयान

     

    पश्चिम बंगाल के भाजपा प्रमुख सुकांत मजूमदार ने ममता बनर्जी पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि बीरभूम में जब घटना घटी तब टीएमसी के बीरभूम जिलाध्यक्ष अनुब्रत मंडल का प्रयास रहा कि घटना को दबाया जाए। उन्होंने कहा कि ये घटना शार्ट-सर्किट और टीवी ब्लास्ट के कारण हुआ। ये दर्शाता है कि वो घटना को दबाना चाहते थे।

  • बिहार विधानसभा में विधायकों का हंगामा

     

    कानून-व्यवस्था की स्थिति को लेकर बिहार विधानसभा में हंगामे के बाद मार्शलों ने बिहार विधानसभा से वाम विधायकों को निकाला।

  • दिलीप घोष ने साधा ममता बनर्जी पर निशाना

     

    भाजपा नेता दिलीप घोष ने ममता बनर्जी पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि ममता बनर्जी CM के तौर पर विफल रहीं हैं। उन्होंने बीरभूम की घटना को लेकर एक बार भी माफी और दुख प्रकट नहीं किया। पुलिस ने 3 दिन तक कोई कार्रवाई नहीं की। यह साबित करता है कि उनके पार्टी के लोग भी इस घटना में शामिल हैं। इन नेताओं की कहां तक डोर है उसका भी पता चलना चाहिए।

  • राहुल ने चढ़ाई सिलेंडर और मोटरसाइकिल पर माला

     

    कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कांग्रेस के अन्य नेताओं के साथ महंगाई और बढ़ते पेट्रोल-डीजल के दामों के खिलाफ प्रदर्शन कर सिलेंडर और मोटरसाइकिल पर फूल की माला चढ़ाई।

  •  

    प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा

     

    राज्यसभा में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि ये आजादी का अमृत महोत्सव है। हमारे महापुरुषों ने देश के लिए बहुत कुछ दिया, अब देने की जिम्मेदारी हमारी है। अब आप खुले मन से एक बड़े मंच पर जाकर आजादी के अमृत महोत्सव के पर्व को माध्यम बनाकर प्रेरित करने में योगदान कर सकते हैं। पीएम मोदी ने कहा कि हमने इस संसद में लंबा समय बिताया है। इस सदन ने हमारे जीवन में बहुत योगदान दिया है। इस सदन के सदस्य के रूप में प्राप्त अनुभव को देश के चारों दिशाओं में ले जाना चाहिए।