News TOP STORIES नयी दिल्ली राष्ट्रीय

सोनिया गांधी ने केसी वेणुगोपाल को अचानक दिल्ली बुलाया, कांग्रेस के अध्यक्ष पद के चुनाव पर चर्चा संभव


नई दिल्ली, कांग्रेस का अगला अध्यक्ष कौन होगा, इसको लेकर सरगर्मियां बढ़ गई हैं। कांग्रेस के अध्यक्ष पद का चुनाव 17 अक्टूबर को होना है। इस पद की रेस में राहुल गांधी, अशोक गहलोत और शशि थरूर का नाम चल रहा है। इसी बीच, कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) केसी वेणुगोपाल को तत्काल दिल्ली बुलाया गया है। कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी ने केसी वेणुगोपाल को दिल्ली बुलाया है।

कांग्रेस अध्यक्ष पद के चुनाव पर चर्चा संभव

बता दें कि केसी वेणुगोपाल कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में निकाली जा रही भारत जोड़ो यात्रा में भाग ले रहे हैं। अभी ये यात्रा केरल से होकर गुजर रही है। हालांकि, यात्रा के बीच में ही केसी वेणुगोपाल को दिल्ली बुलाया गया है। बताया जा रहा है कि वेणुगोपाल को कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए होने वाले चुनाव पर चर्चा के लिए राजधानी बुलाया गया है।

शशि थरूर ने की थी मुलाकात

इससे पहले, कांग्रेस नेता शशि थरूर ने सोमवार को सोनिया गांधी से उनके आवास पर मुलाकात की थी। सूत्रों का कहना है कि थरूर को सोनिया गांधी ने पार्टी अध्यक्ष पद के आगामी चुनाव में उतरने की मंजूरी दे दी है। थरूर जल्द ही अपनी उम्मीदवारी का एलान भी कर सकते हैं।

राहुल गांधी के नाम पर सस्पेंस

कई राज्यों में राहुल गांधी को कांग्रेस का अध्यक्ष बनाने की मांग उठ रही है। सात राज्यों में कांग्रेस इकाई की ओर से राहुल गांधी को अध्यक्ष बनाने के लिए प्रस्ताव पारित किया जा चुका है। महाराष्ट्र, बिहार,जम्मू-कश्मीर और तमिलनाडु कांग्रेस इकाई ने प्रस्ताव पारित किया है। इससे पहले, राजस्थान, गुजरात और छत्तीसगढ़ की कांग्रेस इकाई ने रविवार को इस संबंध में प्रस्ताव पारित किया था। बता दें कि कांग्रेस अध्यक्ष के चुनाव के लिए 23 सितंबर को अधिसूचना जारी होगी। 17 अक्टूबर को चुनाव होना है।