Latest News अन्तर्राष्ट्रीय

स्वेज नहर में अटका विशालकाय शिप ‘एवर गिवेन’ निकला, 7 दिन बाद खुला जलमार्ग


मिस्र की स्वेज नहर में लगभग एक हफ्ते तक फंसे विशालकाय मालवाहक शिप ‘एवर गिवेन’ को सोमवार को निकाल लिया गया। इसके साथ ही नहर के दोनों छोर पर लगा सैकड़ों जहाजों का जाम भी खुल गया। लाल सागर और भूमध्य सागर के बीच मौजूद इस छोटे और बेहद महत्वपूर्ण जलमार्ग में 23 मार्च को शिप तिरछा होकर फंस गया था।

रेतीले किनारे पर अटके ‘एवर गिवन’ नामक पोत को निकालने में कई ‘टगबोट’ का इस्तेमाल किया गया। पोत को निकालने के लिए ‘बोस्कालिस’ कंपनी की सहायता ली गई। कंपनी के सीईओ पीटर बरडोस्की ने कहा, “हमने उसे निकाल लिया। मुझे यह बताते हुए खुशी हो रही है कि हमारे विशेषज्ञों के दल ने स्वेज नहर प्राधिकरण के सहयोग से एवर गिवन को सफलतापूर्वक जल के बीच में दोबारा लाने में कामयाबी हासिल की है। इसके बाद स्वेज नहर में आवागमन बहाल हो गया।”

स्वेज नहर प्राधिकरण के प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल ओसामा रबेई ने कहा कि नहर में स्थानीय समयानुसार शाम छह बजे आवागमन बहाल हुआ। उन्होंने कहा कि सबसे पहले पशुओं को ढोने वाले पोतों को जाने दिया गया। स्वेज शहर के तट पर फंसे कंटेनर लदे पोतों को लाल सागर में जाते देखा गया।

रबेई ने एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि मंगलवार सुबह तक 420 में से 113 पोतों को निकाल दिया जाएगा जो एवर गिवेन के फंसने के कारण रुके थे। विश्लेषकों का मानना है कि रुके हुए सभी पोतों को निकालने में 10 दिन का समय लग सकता है।