Latest News नयी दिल्ली राष्ट्रीय

हवाई यात्रियों को झटका, आगरा-मुंबई फ्लाइट पर लगेगा ब्रेक, 25 मार्च को भरेगी आखिरी उड़ान


आगरा, । मुंबई आने-जाने के लिए हवाई सेवा की सुविधा ले रहे लोगों को एक बार फिर झटका लगने जा रहा है। आगरा-मुंबई फ्लाइट 25 मार्च को आखिरी बार उड़ान भरेगी। इसके बाद इस पर ब्रेक लग जाएंगे।

इसके बाद यह फ्लाइट फिर कब शुरू होगी या नहीं, इस संबंध में इंडिगो एयरलाइंस ने खेरिया हवाई अड्डा प्रबंधन को कोई सूचना नहीं दी है। जबकि यह फ्लाइट फुल चल रही थी। वहीं, इंडिगो एयरलाइंस ने सप्ताह में तीन दिन चलने वाली बेंगलुरु फ्लाइट को एक दिन बढ़ाकर चार दिन कर दिया है।

 

दो मार्च को शुरू हुई थी हवाई सेवा

इंडिगो एयरलाइंस ने बीते दो मार्च को मुंबई-आगरा के बीच अपनी हवाई सेवा शुरू की थी। अब यह आखिरी बार 25 मार्च को आएगी। इंडिगो एयरलाइंस की वेबसाइट पर 27 मार्च से इसकी बुकिंग बंद कर दी गई है। सिर्फ 25 मार्च तक की बुकिंग की जा रही है। इस फ्लाइट में हर बार 300 से 350 यात्री सफर कर रहे थे। यह फ्लाइट बीते नौ महीने में तीन बार बंद हो चुकी है। 22 जुलाई 2021 को मुंबई फ्लाइट शुरू हुई थी।