Latest News नयी दिल्ली राष्ट्रीय

हिंदू व हिंदुत्व से केजरीवाल और उनकी गैंग का नफरत समझना मुश्किल- रिजिजू


नई दिल्ली, । केंद्रीय कानून मंत्री किरण रिजिजू ( Kiren Rijiju) ने शनिवार को आम आदमी पार्टी (AAP) पर करारा हमला किया। अपने सिलसिलेवार ट्वीट में उन्होंने कहा है कि वे दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और उनकी गैंग का हिंदू व हिंदुत्व के प्रति नफरत समझ नहीं पा रहे हैं। दरअसल, एक वीडियो में कुछ लोग धर्म परिवर्तन करने के साथ हिंदू देवी देवताओं की निंदा करते दिखे। इसे लेकर ही रिजिजू ने केजरीवाल को निशाने पर लिया है। 

धर्म परिवर्तन का  वीडियो वायरल

दिल्ली के समाज कल्याण मंत्री राजेन्द्र पाल गौतम (Rajendra Pal Gautam) का एक वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें सैंकड़ों लोग बौद्ध धर्म को अपना रहे हैं। इस दौरान सभी ने शपथ ली और हिंदू देवी देवताओं की निंदा की गई।

सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास

शुक्रवार देर रात और शनिवार सुबह अपने सिलसिलेवार ट्वीट में अरुणाचल प्रदेश से भाजपा सांसद रिजिजू ने कहा, ‘वास्तव में मैं इसका कारण समझ नहीं पा रहा कि हिंदू और हिंदुत्व से अरविंद केजरीवाल और उनकी गैंग क्यों नफरत करती है। राहुल गांधी का समझ सकता हूं लेकिन अरविंद केजरीवाल…।’ सभी भारतीय नागरिकों को ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ मंत्र का अनुसरण करना चाहिए।’

इस वीडियो के वायरल होने के बाद BJP की ओर से गौतम के इस्तीफे की मांग की जा रही है। इनका कहना है कि इससे हिंदुओं के प्रति AAP की नफरत स्पष्ट तौर पर सामने आ रही है। हालांकि इसके लिए गौतम की ओर से भी प्रतिक्रिया दी गई है। इसमें कहा गया है कि वे काफी धार्मिक विचार वाले हैं और सपने में भी देवी देवता का अपमान नहीं कर सकते। उन्होंने भी BJP पर अफवाह फैलाने और प्रोपेगैंडा का आरोप लगाया। इस पूरे मामले पर अब तक AAP या दिल्ली सरकार की ओर से आधिकारिक तौर पर प्रतिक्रिया नहीं दी गई है। लेकिन पार्टी सूत्रों ने दावा किया है कि मुख्यमंत्री केजरीवाल गौतम से काफी नाराज हैं।