Latest News अलीगढ़ उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय लखनऊ

हिजाब विवाद मामले में अलीगढ़ में सियासत तेज, ड्रेस कार्ड लागू करने की मांग हुई तेज


अलीगढ़, । शिक्षण संस्थाओं में हिजाब का विरोध कर रहे भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को जमकर प्रदर्शन किया। तिरंगा झंडा लिए सेंटर प्वाइंट से पैदल मार्च कर कलक्ट्रेट के लिए रवाना हुए कार्यकर्ताओं को पुलिस ने एसबीआई तिराहे से आगे बढ़ने नहीं दिया। गुस्साए कार्यकर्ताओं ने बुर्का, टोपी, हिजाब बंद करो, भारत माता की जय, नारे लगाते हुए बुर्का जलाने का प्रयास किया। पुलिस ने बुर्का छीनकर वापस जाने को कहा तो कार्यकर्ता पुलिस से उलझ गए। तीखी नोकझोंक होने लगी। तभी पहुंचे एसीएम द्वितीय सुधीर कुमार को ज्ञापन देकर कार्यकर्ताओं ने शिक्षण संस्थाओं में हिजाब पर प्रतिबंध लगाने की मांग की। कार्यकर्ताओं ने एएमयू तक जाने की बात कही थी। इसके चलते और पुलिस अलर्ट हो गई। हालांकि जिलाध्यक्ष ने धर्मवीर सिंह लोधी ने एएमयू जाने की बात से इन्कार किया है।

पुलिस व कार्यकर्ताओं केे बीच झड़प 

भाजयुमो जिलाध्यक्ष धर्मवीर सिंह लोधी की अगुवाई में कार्यकर्ता दोपहर 12 बजे सेंटर प्वाइंट स्थित टीकाराम मंदिर पर एकजुट हुए। यहां से पैदल मार्च कर कलक्ट्रेट में डीएम को ज्ञापन देने की योजना थी। खबर ये उड़ी कि कार्यकर्ता एएमयू सर्किल होते हुए कलक्ट्रेट पहुंचेंगे। इस पर पुलिस सक्रिय हो गई। एसबीआइ तिराहे पर गाड़ियां लगाकर रास्ता ब्लाक कर दिया। घंटाघर, सर्किल, कलक्ट्रेट पर भी पुलिस बल तैनात रहा। एसपी सिटी कुलदीप सिंह सीओ तृतीय व तीन थानों की फोर्स के साथ एसबीआइ तिराहे पर डट गए। नारेबाजी करते हुए कार्यकर्ता जब तिराहे से आगे बढ़ने लगे तो पुलिस ने रोक दिया। आचार संहिता, कानून व्यवस्था का हवाला देकर पुलिस अफसर कार्यकर्ताओं काे समझाने लगे। इसी बीच पीछे खड़े कुछ कार्यकर्ताओं ने बुर्के में आग लगाने का प्रयास किया। तभी पुलिस ने बुर्का छीन लिया। पुलिस से कार्यकर्ताओं की नोकझोंक हुई। एसीएम व एसपी सिटी के समझाने पर कार्यकर्ता वहीं ज्ञापन देने पर राजी हो गए।