Latest News नयी दिल्ली राष्ट्रीय

हिमाचल: घर के पास से लड़की को उठा ले गया तेंदुआ, भिड़ गया पिता


  • सोलन। Himachal Leopard Attacks, हिमाचल प्रदेश के‍ जिला सोलन में घर के पास से तेंदुआ एक लड़की को उठा ले गया। पिता ने तेंदुए को देख लिया व अपनी जान की परवाह न करते हुए खूंखार जानवर से अकेले ही भिड़ गया। घर से करीब 200 मीटर की दूरी पर पीछा करते हुए व्‍यक्ति ने तेंदुए को रोक लिया व डंडे और पत्‍थरों से उस पर हमला कर बेटी को उसके चंगुल से छुड़ा लिया। इसके बाद पिता व पुत्री दोनों के शोर मचाने और पत्‍थर मारने पर तेंदुआ वहां से भाग गया।

सोलन जिला में कसौली क्षेत्र के तहत जाबली पंचायत में सोमवार देर शाम यह मामला पेश आया। सूजी गांव में 25 वर्ष की युवती को तेंदुआ घर के पास से उठाकर ले गया। घर से करीब 200 मीटर की दूरी पर युवती के पिता ने पत्थर व डंडों से बेटी को खूंखार जानवर के चंगुल से छुड़ाया।

शाम को करीब सात बजे पूजा अपने घर के बाहर बने शौचालय के लिए निकली थी। इस दौरान घर के आंगन में तेंदुआ पहले से ही हमले की फ‍िराक में बैठा था। मौका पाते ही खूंखार जानवर लड़की को आंगन से उठा ले गया। शोर मचाने पर लड़की के पिता खेम राज बाहर निकले और तेंदुए का पीछा करने लगे। खेमराज ने पत्थर व डंडों से तेंदुए पर हमला किया। अपनी जान दांव पर लगाकर पिता ने बड़ी मुश्किल से बेटी को बचाया। यदि खेमराज समय पर बाहर नहीं निकलते तो तेंदुआ लड़की काे अपना शिकार बना देता।