News TOP STORIES झारखंड नयी दिल्ली रांची राष्ट्रीय

हेमंत सोरेन की बैठक में नहीं पहुंचे एक चौथाई विधायक, राजनीतिक गलियारों में अटकलें तेज


रांची, । Jharkhand CM Hemant Soren Meeting विधायकों की एकजुटता दिखाने के लिए हेमंत सोरेन सरकार ने सत्ताधारी गठबंधन के विधायकों की बैठक बुलाई थी और आश्चर्यजनक रूप से इस बैठक से लगभग एक चौथाई विधायक नहीं पहुंचे। नहीं पहुंचने वाले विधायकों में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के भाई बसंत सोरेन समेत झामुमो के तीन विधायकों के नाम हैं, जबकि अलग-अलग कारणों से कांग्रेस के सात विधायक बैठक से अनुपस्थित रहे। झामुमो और कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व को इन विधायकों के नहीं पहुंचने को लेकर अधिकृत कारणों की जानकारी थी। दोनों दल इस विषय को गंभीरता से नहीं ले रहे हैं। हालांकि अनुपस्थित विधायकों के बाद जो विधायक बैठक में पहुंचे उसके हिसाब से बहुमत साबित करने लायक संख्या भी पूरी नहीं हो रही है। विधायकों की अनुपस्थिति के कारणों को देखें तो अभी सरकार के सामने कोई संकट नहीं दिख रहा है।

इन कारणों से रही विधायकों की अनुपस्थिति

  • चमरा लिंडा : झामुमो विधायक : बीमार होने के कारण नहीं आए। पार्टी को जानकारी दी थी।
  • बसंत सोरेन : झामुमो विधायक : व्यक्तिगत कारणों से नई दिल्ली में हैं। पार्टी को जानकारी है।
  • सरफराज अहमद : झामुमो विधायक : व्यक्तिगत कारणों सेदेश के बाहर हैं।
  • समीर महंथी : खराब मौसम के कारण फंस गए थे, देर शाम सीएम आवास पहुंचे।
  • पूर्णिमा नीरज सिंह : कांग्रेस विधाकय : घर पर पूजा होने के कारण नहीं पहुंचीं।
  • ममता देवी : कांग्रेस विधायक : पुत्र रत्न की प्राप्ति हुई है, अस्पताल में हैं।
  • भूषण बाड़ा : कांग्रेस विधायक : नई दिल्ली से चली फ्लाइट खराब मौसम के कारण रांची में नहीं उतरी।
  • शिल्पी नेहा तिर्की : कांग्रेस विधायक : कांग्रेस के सीनियर नेताओं से मिलने नई दिल्ली गई हुई हैं।
  • इरफान अंसारी, राजेश कच्छप, नमन विक्सल कोंगाड़ी : तीनों कांग्रेस विधायक कोलकाता के जेल में हैं।

विधायकों की बैठक बुलाना आम बात : भाजपा

उधर, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के आवास पर यूपीए विधायकों की बैठक बुलाए जाने पर प्रदेश भारतीय जनता पार्टी ने सधी हुई प्रतिक्रिया दी है। पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने कहा कि राजनीतिक दलों के लिए विधायकों की बैठक बुलाना आम बात है। बता दें कि पत्थर खान के लिए मुख्यमंत्री को जमीन आवंटन किए जाने के मामले में भारतीय जनता पार्टी की ही शिकायत पर निर्वाचन आयोग ने सुनवाई की। इसके बाद आने वाले संभावित निर्णय को देखते हुए राज्य की राजनीति में कयासों का दौर जारी है। यूपीए विधायकों की बैठक से एक दिन पहले शुक्रवार को प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश ने प्रेस वार्ता में भी इस संबंध में कोई टिप्पणी नहीं की थी। भाजपा विधायक दल के नेता बाबूलाल मरांडी रांची से बाहर हैं। उनके आज रांची लौटने की संभावना है। पार्टी चुनाव आयोग का निर्णय आने तक सीधे किसी तरह की प्रतिक्रिया देने से बच रही है।