पटना

2005 के बाद हुए विकास को भूलियेगा नहीं : नीतीश


आपने जो ताकत दी, उसे विकास में लगाया हूं और लगाता रहूंगा : मुख्यमंत्री

बिहारशरीफ। जनता द्वारा दी गयी ताकत के बदौलत मैं बिहार का विकास कर रहा हूं और आगे भी करता रहूंगा। आपलोगों ने जो ताकत दी है वह ताकत आपलोगों के विकास में लगाया हूं और लगाउंगा। आपलोग समाज में आपसी प्रेम एवं भाईचारा का माहौल बनाये रखे। विकास के लिए मैं आगे भी काम करता रहूंगा। आपलोगों को और क्या चाहिए, क्या समस्याएं है यही जानने के लिए मैं जनसंवाद यात्रा के माध्यम से आपके पास पहुंचा हूं। यह कहना था मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का। मुख्यमंत्री श्री कुमार मंगलवार को जनसंवाद यात्रा के क्रम में गिरियक प्रखंड के पावापुरी, सिलाव प्रखंड के सिलाव तथा राजगीर प्रखंड के बेलदार बिगहा गांव में जनसंवाद यात्रा के लिए उपस्थित लोगों से मिलने के क्रम में कही।

जनसंवाद यात्रा के क्रम में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का जिले के लोगों ने कई स्थानों पर भव्य स्वागत और अभिनंदन किया। फूल-मालाओं से स्वागत के साथ-साथ जगह-जगह पर नीतीश कुमार जिंदाबाद के नारे भी खूब लगे। मुख्यमंत्री ने जिले के पुराने सहयोगियों, पार्टी के कार्यकर्ताओं और लोगों से मुलाकात कर उनकी शिकायतों को सुना। उनकी शिकायत और मांगों का आवेदन लिया और कहा कि आपने जो शिकायत की है या जो आपकी समस्या है उसका निराकरण होगा। उस पर काम किया जायेगा। इसी के लिए मैं आपलोगों के बीच आया हूं।

मुख्यमंत्री ने एक बार फिर दोहराया कि आपलोगों ने जो ताकत मुझे दी है उसी के बदौलत मैं आज बिहार का विकास करने की स्थिति में हूं और जबसे आपलोगों का सहयोग, समर्थन जिस रूप में मिला मै आपलोगों की सेवा खिदमत करता रहा हूं। सांसद, केंद्रीय मंत्री और अब मुख्यमंत्री के रूप में लगातार आपलोगों का सेवा करता रहा हूं और यह भरोसा दिलाता हूं कि आगे भी इसी तरह आपकी खिदमत में लगा रहूंगा।

जनसंवाद यात्रा के क्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि 2005 के बाद मैंने बिहार का जो विकास किया हूं उसे आप भूलियेगा नहीं। मैं हमेशा समाज के हर वर्ग और समाज के हर तबका के लिए काम किया हूं। मेरा उद्देश्य रहा है कि अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंचे और उसके लिए आगे भी काम करता रहूंगा। शिक्षा, चिकित्सा, स्वास्थ्य के क्षेत्र में व्यापक काम हुआ है।

मुख्यमंत्री सड़क मार्ग से सबसे पहले पावापुरी पहुंचे। इस दौरान रास्ते में कई स्थानों पर लोग सड़क पर खड़े होकर मुख्यमंत्री का स्वागत किया। वहां से सिलाव और फिर सिलाव से राजगीर जाने के क्रम में मुख्यमंत्री के स्वागत करने वालों की कतारें लगी रही। मुख्यमंत्री अपने संवाद यात्र के क्रम में विम्स पावापुरी भी गये जहां वे कॉलेज के शिक्षक और छात्रों के साथ भी संवाद की।


सुरक्षा में फिर हुई चूक, समारोह स्थल पर पटाखा विस्फोट, युवक गिरफ्ता

बिहारशरीफ। मंगलवार को एक बार फिर मुख्यमंत्री की सुरक्षा में चूक हुई और मुख्यमंत्री की मौजूदगी में नालंदा जिले के सिलाव के एक सभा में पंडाल के अंदर विस्फोट हुआ। हालांकि इस विस्फोट में मुख्यमंत्री बाल-बाल बचे। किसी के साथ कोई अनहोनी नहीं हुई अन्यथा जिस तरह संवाद यात्रा कार्यक्रम स्थल पर जितने अधिक लोग जमा थे कि बड़ी अनहोनी हो सकती थी। विस्फोट के बाद समारोह स्थल पर अफरातफरी मच गयी। हालांकि मुख्यमंत्री के सुरक्षा में लगे कर्मियों ने उन्हें सुरक्षा घेरे में लेकर पंडाल से बाहर निकाला। विस्फोट वहां हुई जहां से कुछ हीं गज की दूरी पर सीएम खड़े थे। आज की घटना के बाद नालंदा के लोगों में भारी असंतोष है। लोग मुख्यमंत्री की सुरक्षा में चूक के मामले को लेकर काफी गंभीर है और इस मामले में पुलिस प्रशासन को दोषी बता रहे है।

जनसंवाद यात्रा के क्रम में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार सिलाव प्रखंड मुख्यालय स्थित श्री गांधी उच्च विद्यालय के पास बने पंडाल में आये लोगों से एक-एक कर मिल रहे थे। समारोह स्थल में काफी संख्या में लोग थे। मुख्यमंत्री लोगों से लगभग मिल चुके थे। इसी बीच पंडाल में हीं एक युवक ने विस्फोट कर दिया। हालांकि पुलिस ने उसे तत्काल गिरफ्तार कर लिया लेकिन विस्फोट की आवाज से अफरातफरी मच गयी। मुख्यमंत्री के सुरक्षा में तैनात जवानों ने तुरंत सीएम को अपने सुरक्षा घेरे में लिया और समारोह स्थल से बाहर निकाला। बाद में सीएम कॉर्केट के साथ राजगीर संवाद यात्रा के लिए निकल गये।

गिरफ्तार युवक इस्लामपुर प्रखंड के सत्यारगंज का रहने वाला है जिसका नाम शुभम आदित्य है। जिसके पास से एक पटाखा, माचिस की तीलियां और माचिस बरामद हुआ है। बताया जाता है कि सीएम जब लोगों से मिल कर आगे बढ़ रहे थे इसी बीच यह विस्फोट हुआ। पुलिस युवक से पूछताछ कर रही है। समारोह स्थल में विस्फोट किस लिए किया, उद्देश्य क्या था यह अभी स्पष्ट नहीं हो सका है।


विम्स ऑडिटोरियम में आयोजित कार्यक्रम में सीएम हिस्सा लिया जहां कॉलेज के प्राचार्य डॉ. पी. के. चौधरी, आईएमए के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. सहजानंद सहित चिकित्सकों ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया। इसके बाद पावापुरी जलमंदिर गये और भगवान महावीर के चरणों में मत्था टेका। रास्ते में हीं पूर्व विधान पार्षद स्व. कपिलदेव सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। बाद में बेलदार बिगहा में भी मुख्यमंत्री ने विद्यालय परिसर में बने संस्थापक सचिव स्व. नंदकिशोर प्रसाद की प्रतिमा पर श्रद्धा सुमन अर्पित किया। राजगीर पहुंचकर मुख्यमंत्री तांगे की सवारी भी की।

मुख्यमंत्री के साथ जनसंवाद कार्यक्रम में बिहार सरकार के ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार, जल संसाधन मंत्री संजय झा, सांसद कौशलेंद्र कुमार, विधायक डॉ. जितेंद्र कुमार, विधान पार्षद रीना यादव, जदयू के जिलाध्यक्ष सियाशरण ठाकुर के अलावे मुख्यमंत्री के परामर्शी मनीष वर्मा, सचिव अनुपम कुमार के अलावे कई विशिष्ट लोग भी उपस्थित थे।