News TOP STORIES अन्तर्राष्ट्रीय नयी दिल्ली राष्ट्रीय

25 साल की दोस्ती के मजबूत बंधन का जश्न मना रहे भारत और फ्रांस इमैनुएल मैक्रों ने हिंदी में किया ट्वीट


PM Modi France Visit: पीएम मोदी दो दिवसीय फ्रांस दौरे पर हैं। पीएम मोदी गुरुवार शाम फ्रांस के एयरपोर्ट पहुंचे। एयरपोर्ट पर फ्रांस की प्रधानमंत्री एलिजाबेथ बोर्न ने राजकीय सम्मान के साथ उनकी अगवानी की। पीएम ने यहां भारतीय समुदाय के लोगों को संबोधित किया। मोदी फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के साथ राजकीय रात्रिभोज में शामिल भी हुए।

पीएम के दौरे से फ्रांस के राष्ट्रपति काफी उत्सुक हैं। मैक्रों ने शुक्रवार सुबह हिंदी में एक ट्वीट किया है। उन्होंने ट्वीट कर लिखा, भारत और फ्रांस 25 साल की रणनीतिक साझेदारी तथा विश्वास और दोस्ती के सदैव मजबूत बंधन का जश्न मना रहे हैं। प्रिय नरेंद्र मोदी, पेरिस में आपका स्वागत है।’

बैस्टिल दिवस परेड में शामिल होंगे मोदी

पीएम मोदी फ्रांस के राष्ट्रीय दिवस यानी बैस्टिल दिवस परेड में बतौर मुख्य अतिथि शामिल होंगे। राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने मोदी को निमंत्रण दिया था। इस परेड में भारत की तीनों सेनाओं की टुकड़ी भाग लेंगी। गौरतलब है कि बैस्टिल दिवस का फ्रांसीसी चेतना में विशेष महत्व है।

ग्रैंड क्रॉस ऑफ द लीजन ऑफ ऑनर से सम्मानित हुए

इससे पहले पीएम मोदी को फ्रांस के सर्वोच्च सम्मान से सम्मानित किया गया। इमैनुएल मैक्रों ने पीएम नरेंद्र मोदी को फ्रांस के सर्वोच्च पुरस्कार ग्रैंड क्रॉस ऑफ द लीजन ऑफ ऑनर से सम्मानित किया। पीएम मोदी यह सम्मान पाने वाले पहले भारतीय प्रधानमंत्री हैं।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने कहा कि भारत-फ्रांस साझेदारी की भावना का प्रतीक एक गर्मजोशी भरा कदम है। पीएम मोदी से पहले दक्षिण अफ्रीका के पूर्व राष्ट्रपति नेल्सन मंडेला, वेल्स के तत्कालीन राजकुमार किंग चार्ल्स, जर्मनी के पूर्व चांसलर एंजेला मर्केल को भी यह सम्मान मिल चुका है।