बिक्रम : प्रखण्ड के अख्तियारपुर मझौली ग्राम पंचायत स्थित साकेत सिंह शूटिंग अकादमी में गुरुवार को 36वीं बिहार स्टेट शूटिंग चैंपियनशिप का भव्य शुभारंभ हुआ। बिहार की खेल मंत्री श्रेयसी सिंह ने दीप प्रज्वलित कर प्रतियोगिता का उद्घाटन किया। इस अवसर पर पूरे परिसर में उत्साह, खेल भावना और प्रतिस्पर्धा का माहौल देखने को मिला।
इस वर्ष प्रतियोगिता में बिहार के विभिन्न जिलों से लगभग 650 से अधिक निशानेबाज भाग ले रहे हैं, जो पिछले वर्ष की तुलना में डेढ़ गुना अधिक है। यह बिहार में शूटिंग खेल की बढ़ती लोकप्रियता और युवाओं की बढ़ती रुचि का स्पष्ट संकेत है।

उद्घाटन समारोह में बिहार स्टेट राइफल एसोसिएशन के सचिव कुमार त्रिपुरारी तथा विधायक एवं पाटलिपुत्र गन शूटिंग अकादमी के संचालक चेतन आनंद भी मौजूद रहे। अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए सफल आयोजन के लिए आयोजन समिति को बधाई दी।
आयोजन समिति के अनुसार, प्रतियोगिता के सभी फायरिंग मुकाबले साकेत सिंह शूटिंग अकादमी में आयोजित किए जाएंगे। खेल मंत्री श्रेयसी सिंह ने कहा कि राज्य सरकार खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं और अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएं युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने और राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने का अवसर प्रदान करती हैं।




