Latest News उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय लखनऊ

5 साल की बच्ची से दरिंदगी मामले में बड़ा खुलासा, परिवार के परिचित पर है शक की सुई


गाजियाबाद, साहिबाबाद कोतवाली क्षेत्र में पांच साल की मासूम बच्ची के साथ दरिंदगी करके हत्या करने वाला दरिंदा उसके घर के आसपास का रहने वाला करीबी निकला। उसने शव को बृहस्पतिवार रात या शुक्रवार सुबह जंगल में फेंका था। परिस्थितिजन्य साक्ष्य इस ओर इशारा कर रहे हैं। पुलिस इस दिशा में जांच कर रही है।

जानकार ने ही किया है दुष्कर्म

बच्ची का घर कच्ची कालोनी में है। जो कि सिटी फारेस्ट से सटा है, जिसके चलते घर के चारों ओर जंगल है। सामने खाली प्लाट भी हैं। घर के बगल के मकान में सीसीटीवी कैमरा लगा है। कैमरा उसके घर के गेट के पास तक का हिस्सा कवर कर रहा था, लेकिन पूरा हिस्सा कैमरे के जद में नहीं था। पुलिस ने सीसीटीवी कैमरा खंगाला। उसमें कई बच्चे खेलते दिखे लेकिन मासूम बच्ची नहीं दिखी। इससे पुलिस मान रही है कि हत्यारे को कैमरे की पूरी जानकारी थी। इस तरह से बच्ची को उठाया कि वह कैमरे की जद में न आए। बच्ची को ले जाते समय वह खाली प्लाट से होकर जंगल में गया। इस वजह से अन्य सीसीटीवी कैमरों में भी नहीं आया। इससे साफ है कि उसे भौगोलिक स्थिति की पूरी जानकारी थी।

शव सुबह फेंकने की संभावना

बृहस्पतिवार देर रात तक पुलिस अधीक्षक नगर द्वितीय ज्ञानेंद्र सिंह, पुलिस क्षेत्राधिकारी स्वतंत्र सिंह, कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सचिन मलिक पुलिस टीम के साथ बच्ची के घर के आसपास और जंगलों में छानबीन की। जिस स्थान पर बच्ची का शव मिला वहां पहले भी जांच की थी, लेकिन उसका शव उस स्थान पर नहीं मिला था। शुक्रवार सुबह करीब 10:30 बजे उसी जगह पर उसका शव मिला। इससे पुलिस मान रही है कि बच्ची का शव रात या शुक्रवार सुबह फेंका गया है। इससे यह भी पता लग रहा है कि बच्ची को किसी अन्य स्थान पर नहीं ले जाया गया बल्कि उसे कालोनी में रखा गया था। वहीं पर उसकी हत्या की गई। परिस्थितिजन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस की जांच मुख्यता जानकार पर ही घूम रही है। पुलिस द्वारा इस दिशा में अधिक काम किया जा रहा है। इसके अलावा क्षेत्र में सक्रिय नशेड़ियों की दिशा में भी जांच चल रही है।

11 दिन में दूसरी बच्ची की हत्या

इसके पहले 20 नवंबर को नंदग्राम थाना क्षेत्र की नई बस्ती की 11 वर्षीय खुशी का अपहरण हुआ था। रंगदारी को लेकर उसकी हत्या कर दी गई थी और अब इस बच्ची की हत्या कर दी गई। इससे इलाके में लोग खौफजदा हैं। लोग पुलिस को कठघरे में खड़ा कर रहे हैं।

यह है मामला

साहिबाबाद कोतवाली क्षेत्र में राजमिस्त्री परिवार के साथ रहता है। बृहस्पतिवार दोपहर करीब दो बजे उसकी पांच साल की बच्ची घर से अगवा हो गई। शुक्रवार सुबह करीब 10:30 बजे घर से करीब 30 मीटर की दूरी पर बच्ची का शव मिला। दुष्कर्म के बाद हत्या की बात सामने आई। पुलिस अधीक्षक नगर द्वितीय ज्ञानेंद्र सिंह ने बताया कि अपहरण के मुकदमे में दुष्कर्म व हत्या की धारा बढ़ाकर जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर स्थिति स्पष्ट होगी।