आगरा, । यूपी पुलिस ने प्रदेशवासियों को होली खिलाने के बाद गुरुवार को खुद जमकर होली खेली। कानपुर, आगरा, वाराणसी, मुरादाबाद सहित कई शहरों में पुलिस लाइन में होली कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें पुलिस के जवानों के साथ डीएम, कमिश्नर, आइजी, डीआइजी और एसपी ने भी डीजे पर जमकर ठुमके लगाए। कहीं पिचकारी से रंगों में रंगा तो कहीं अबीर गुलाल से साथियों के साथ मिलकर धूम मचाई।
आगरा में एडीजी राजीव कृष्ण, पुलिस आयुक्त डा. प्रीतिंदर के साथ खेली होली
- आगरा में पुलिस परेड मैदान पर गुरुवार को अलग ही दृश्य था। पुलिस की कदम ताल की जगह मैदान पर अबीर और गुलाल के रंग उड़ रहे थे। मौका था पुलिस की होली का।
- एडीजी राजीव कृष्ण, मंडलायुक्त अमित गुप्ता, पुलिस आयुक्त डा. प्रीतिंदर सिंह एवं डीएम समेत अन्य अधिकारी रंगाें से सराबाेर थे। ढोल और नगाड़े संग पुलिसकर्मियों ने अधिकारियों के साथ जमकर धमाल किया। थानों में भी जमकर होली खेली गई।
- आगरा कमिश्नरेट बनने के बाद पुलिसवालों की यह पहली होली थी। बुधवार को कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिसकर्मी तैनात रहे थे। पुलिस की परंपरा के अनुसार दूसरे दिन होली खेली।
- पुलिसकर्मी और अधिकारी सुबह 8:30 बजे से ही परेड मैदान पर जुट गए। एडीजी, मंडलायुक्त, पुलिस आयुक्त, आइजी रेंज नचिकेता झा, डीएम नवनीत चहल, अपर पुलिस आयुक्त केशव चौधरी, पुलिस उपायुक्त विकास कुमार, सोनम कुमार, सोमेंद्र मीणा समेत सभी अपर पुलिस उपायुक्त एवं सहायक पुलिस आयुक्त सुबह करीब साढ़े नौ बजे मैदान पहुंचे।
- जिसके बाद पूरा मैदान अबीर और गुलाल के रंगों से सराबोर हो गया। पुलिसकर्मियों ने अधिकारियों के साथ जमकर होली खेली। पुलिस आयुक्त और डीएम ने पुलिसकर्मियों के साथ ढोल-नगाड़ों के साथ नृत्य किया। करीब दो घंटे तक होली चली। वहीं, थानों पर भी होली खेली गई। सुबह से ही थानों पर गुलाल चला। अधिकारियाें ने पुलिसकर्मियों को होली की शुभकामनाएं दीं।
मुरादाबाद पुलिस लाइन में डीआइजी शलभ माथुर के साथ जमकर अधिकारियों ने लगाए ठुमके
मुरादाबाद पुलिस लाइन में पुलिस की होली के दौरान डीआइजी शलभ माथुर, एसपी देहात संदीप मीणा, एसपी सिटी अखिलेश भदौरिया, डा. अजय कुमार, एसएसपी हेमराज मीना, सीओ सिविल लाइंस डा. अनूप कुमार सिंह ने फूलों की होली खेली। इस दौरान अबीर गुलाल भी उड़ा। डीआइजी शलभ माथुर, एसपी देहात संदीप मीणा, एसपी सिटी अखिलेश भदौरिया सहित अन्य अधिकारियों ने डीजे पर जमकर डांस भी किया।
हर्बल रंगो का किया प्रयोग
पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने इस बार हर्बल रंगों का प्रयोग किया। होली पर केमिकल युक्त रंगों का प्रयोग बहुत कम देखने को मिला। पुलिसकर्मियों ने दूसरों को भी हर्बल रंगों का प्रयोग करने के लिए प्रेरित किया।