News TOP STORIES अन्तर्राष्ट्रीय नयी दिल्ली राष्ट्रीय

कैंब्रिज विवाद के बीच भारत वापस लौटे राहुल गांधी, स्मृति ईरानी बोलीं- देश से मांगें माफी


नई दिल्ली, । कांग्रेस सांसद राहुल गांधी आज विदेश से दिल्ली लौट आए हैं। कांग्रेस सूत्रों ने बताया कि राहुल गांधी के आज संसद में भाग लेने की संभावना है। बताते चलें कि राहुल इस माह की शुरूआत में विदेश दौरे पर गए थे। करीब 15 दिन बाद वह भारत वापस लौट आए हैं।

राहुल गांधी के बयान पर भाजपा का हमला

बता दें कि राहुल गांधी द्वारा लंदन में दिए गए बयान को लेकर भाजपा लगातार उन पर हमला बोल रही है। आज भी केंद्रीय स्मृति ईरानी ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान उन पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी को देश से माफी मांगनी चाहिए। भाजपा लगातार राहुल गांधी से कैंब्रिज में दिए बयान पर माफी की मांग कर रही है।

देश से माफी मांगें राहुल गांधी- स्मृति ईरानी

केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने लंदन में राहुल गांधी द्वारा दिए गए बयान को लाखों स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान, संसदीय परंपरा, देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था और वोट करने वाले हर नागरिक का अपमान बताया था। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी को संसद से भागने की बजाय आकर माफी मांगनी चाहिए। स्मृति ईरानी ने कहा कि चुनावों में हार-जीत राजनीतिक परंपराओं का हिस्सा है, लेकिन राहुल गांधी ने ऐसे देश में जाकर विदेशी ताकतों को भारत पर धावा बोलने का आमंत्रण दिया है, जिसका इतिहास भारत को गुलाम बनाने का रहा है।

अनुराग ठाकुर ने उठाए राहुल गांधी पर सवाल

इससे पहले केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने संसद में राहुल गांधी की उपस्थिति को लेकर सवाल उठाए थे। उन्होंने कहा था कि संसद के बजट सत्र का दूसरा भाग शुरू हो गया है, लेकिन अभी तक राहुल गांधी सदन में नहीं दिखाई दिए हैं। उन्होंने कहा कि राहुल के सदन में उपस्थित रहने का ट्रैक रिकॉर्ड बहुत ही ख़राब रहा है। आप रिसर्च कर लीजिए राहुल गांधी सदन में सबसे कम रहते हैं।