पटना। अयोध्या (Ram Mandir Pran Pratishtha) में भगवान राम के मंदिर की प्राण-प्रतिष्ठा के बाद लालू यादव (Lalu Yadav) की पार्टी राजद (RJD) के तमाम नेता भाजपा को घेरने में कोई कसर नहीं छोड़ रहे हैं। फिलहाल राजद नेता और राज्यसभा सांसद मनोज झा (Manoj Jha) ने राम मंदिर को लेकर भाजपा और आरएसएस के साथ पीएम मोदी को भी घेर लिया है।
मीडिया के साथ बातचीत में मनोज झा ने कहा कि राम तो अंतर्मन में हैं। राम अयोध्या में भी हैं, राम कश्मीर में भी हैं, राम बिहार में भी हैं, राम महाराष्ट्र में भी हैं। कबीर और गांधी के भी राम हैं। बापू के तो हर कर्म और हर क्षण में राम थे।
उन्होंने कहा कि पीएम मोदी में इतिहास के साक्ष्यों को तोड़-मरोड़कर पेश करने की कला है, वह इस मामले में जादूगर हैं, लेकिन ये कला चलती नहीं है, बैठ जाती है। मनोज झा ने आगे कहा कि राम मंदिर का निर्माण या प्राण प्रतिष्ठा कैसे हुआ? यह तो न्यायिक प्रकिया से हुआ है, लेकिन इसे भाजपा और RSS का कार्यक्रम बना दिया गया।
चार्जशीट को लेकर भाजपा पर बोला था हमला
गौरतलब है कि मनोज झा अक्सर भाजपा को विभिन्न मुद्दों को लेकर घेरते रहते हैं। हाल ही में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) द्वारा जमीन के बदले नौकरी मामले में नई चार्जशीट दायर की गई थी। इसपर उन्होंने भाजपा पर तीखा हमला बोला था।
मनोज झा ने ने कहा कि इस केस को बिहार के टॉप लीडरशिप ने बनवाया है। 2008 का केस है। 16 साल पुराना केस है। मंत्रालय की नजर में यह घोटाला नहीं है। आज भी चार्जशीट में मंत्रालय और उनके अधिकारियों का नाम नहीं है। घर की महिलाओं का नाम आपने दिया है। इनका कार्यसंचालन से कोई मतलब नहीं है।