नयी दिल्ली (आससे)। बिहार विधानसभा चुनाव में सहयोगी दलों के साथ सीटों के बंटवारे और उम्मीदवारों के चयन को लेकर आज भाजपा कोर ग्रुप की पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा के आवास पर बैठक हुई। नड्डा के आवास पर जीतन राम मांझी और उपेन्द्र कुशवाहा ने मुलाकात की। बैठक में बिहार भाजपा प्रभारी विनोद तावड़े, बिहार भाजपा अध्यक्ष दिलीप जायसवाल, बिहार के उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और कई अन्य नेता मौजूद रहे। मिली जानकारी के अनुसार, भाजपा कोर ग्रुप की बैठक लगभग 8 घंटे चली। बैठक में एनडीए के प्रमुख सहयोगी सहयोगी दल लोक जनशक्ति पार्टी के नेता चिराग पासवान और अन्य सहयोगी दलों के बीच सहमति लगभग बन गई। लेकिन, हिन्दुस्तानी अवाम मोर्चा (हम) के जीतन राम मांझी अभी भी नाराज बताए जा रहे हैं। भाजपा कोर ग्रुप की बैठक में उम्मीदवारों के नामों पर गहन चर्चा हुई। मिली जानकारी के अनुसार, भाजपा बिहार विधानसभा चुनाव में अपने लगभग सौ उम्मीदवारों को मैदान में उतारने वाली है। आज की बैठक में इन उम्मीदवारों के नामों को अंतिम रूप दिया गया। नामों की घोषणा किसी भी समय की जा सकती है। सूत्रों ने बताया कि बिहार चुनाव के लिए उम्मीदवारों की सूची को अंतिम रूप देने के लिए भाजपा की केंद्रीय चुनाव समिति की कल फिर बैठक होगी। यह बैठक कल शाम 6:30 बजे भाजपा मुख्यालय में होने की संभावना है।
——————–