आमिर खान-अल्लू अर्जुन और प्रियंका चोपड़ा समेत कई ने जताया दु:ख
राजधानी दिल्ली में बीते सोमवार को हुए कार धमाके ने पूरे देश को हिलाकर रख दिया है। इस हादसे में जान गंवाने वालों और पीड़ितों के प्रति एंटरटेनमेंट जगत के सितारों ने भी अपनी संवेदनाएं प्रकट की हैं। राजधानी दिल्ली में सोमवार शाम को लाल किला के पास हुए एक कार धमाके के बाद पूरे देश में गहमागहमी बढ़ गई है। इस धमाके में अब तक 10 लोगों की जान जा चुकी है, जबकि कई लोग घायल बताए जा रहे हैं। अब इस दर्दनाक हादसे पर सिनेमा जगत के भी कई सितारों ने दुख जताते हुए, हादसे में जान गंवाने वाले मृतकों व पीड़ितों के प्रति अपनी संवेदनाएं प्रकट की हैं। सामाजिक मुद्दों पर फिल्में बनाने के लिए मशहूर अभिनेता आयुष्मान खुराना ने भी दिल्ली धमाके पर दुख व्यक्त किया है। आयुष्मान ने दुख जताते हुए इंस्टाग्राम स्टोरी पर लिखा, दिल्ली से आई इस खबर को सुनकर दुखी और हैरान हूं। हादसे में जान गंवाने वालों और घायलों व उनके परिजनों के प्रति दुख व्यक्त करता हूं। िअभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा ने भी दिल्ली धमाके में घायल और जान गंवाने वालों के प्रति अपनी संवेदनाएं प्रकट की हैं। प्रियंका ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर लिखा, ‘लाल किले से आए दृश्य देखकर बहुत दुख हुआ। इतना डर, अफरा-तफरी देखकर दिल टूट गया। इस हादसे में जान गंवाने वालों और घायलों के प्रति मेरी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं हैं। जल्द ही कुछ जवाब मिलने की उम्मीद है। तब तक कृपया सुरक्षित और सतर्क रहें। साउथ सुपरस्टार अल्लू अर्जुन ने भी दिल्ली हादसे पर दुख जताया है। अपने एक्स अकाउंट पर एक्टर ने लिखा, दिल्ली के लाल किले के पास हुई दुखद घटना से बेहद दुखी हूं। मेरी संवेदनाएं पीड़ितों और उनके परिवारों के साथ हैं। मैं कामना करता हूं कि एक बार फिर शांति स्थापित हो। अभिनेता आमिर खान के प्रोडक्शन हाउस ने भी दिल्ली धमाकों को लेकर अपना दुख व्यक्त किया है। प्रोडक्शन हाउस की ओर से एक पोस्ट किया गया, जिसमें लिखा गया, दिल्ली धमाके में अपने परिजनों को खोने वालों के प्रति हम गहरा दुख व्यक्त करते हैं।ऐसी मुश्किल की घड़ी में हम उनके साथ हैं और उनके लिए प्रार्थना करते हैं। अभिनेता सिद्धार्थ मल्होत्रा ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर हादसे में हुए प्रभावितों के प्रति अपना समर्थन व्यक्त किया। सिद्धार्थ ने लिखा, ‘लाल किला विस्फोट से प्रभावित सभी लोगों के प्रति मेरी संवेदना हैं। दिल्ली, मजबूत रहो और सुरक्षित रहो।





