पटना (बिक्रम) । बिक्रम नगर पंचायत में बुधवार, आयोजित बैठक में वित्तीय वर्ष 2026-27 का बजट सर्वसम्मति से पारित कर दिया गया. इस बजट में कुल अनुमानित आय 81.59 करोड़ रुपये और व्यय 74.37 करोड़ रुपये निर्धारित किया गया है, जिससे नगर पंचायत को 7.21 करोड़ रुपये का लाभ होने का अनुमान है. बजट में शहर के समग्र विकास, बुनियादी सुविधाओं के विस्तार तथा स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने पर विशेष जोर दिया गया है. ८१
नगर पंचायत की इस महत्वपूर्ण बैठक में अध्यक्षा श्रीमती मनीता कुमारी, उपाध्यक्षा श्रीमती गुड़िया देवी, कार्यपालक पदाधिकारी संजीव कुमार सहित अन्य अधिकारी, पार्षदगण एवं कर्मचारी मौजूद रहे. बैठक के दौरान बजट पर विस्तार से चर्चा की गई और नगर क्षेत्र में सड़क, नाली, जलापूर्ति, स्ट्रीट लाइट और सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए कई प्रस्तावों को मंजूरी दी गई.
प्रस्तावित बजट के अनुसार आय के प्रमुख स्रोत राज्य सरकार से मिलने वाली अनुदान राशि, विभिन्न विकास योजनाएं, होल्डिंग टैक्स, जलकर, सफाई कर, बाजार शुल्क और अन्य स्थानीय राजस्व होंगे. वहीं व्यय का बड़ा हिस्सा शहर के विकास कार्यों पर खर्च किया जाएगा.
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि सभी वार्डों में संतुलित और समान रूप से विकास कार्य कराए जाएंगे. अधिकारियों ने बताया कि बजट पारित होने के बाद योजनाओं को चरणबद्ध तरीके से लागू किया जाएगा, ताकि जनता को बेहतर सुविधाएं मिल सकें.
कार्यपालक पदाधिकारी संजीव कुमार ने कहा कि नगर पंचायत का लक्ष्य आगामी वित्तीय वर्ष में नागरिकों को बेहतर आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना है. उन्होंने सभी जनप्रतिनिधियों और कर्मचारियों के सहयोग से योजनाओं को सफलतापूर्वक लागू करने की प्रतिबद्धता जताई.
बैठक में वार्ड पार्षद रुचि शर्मा, संतोष कुमार, रेणु कुमारी, सुनीता कुमारी, स्मिता गुप्ता, अभिजीत कुमार, रेनू सिंह, मोहन मोची, फूलजारिया देवी, ज्योति कुमारी, बैजनाथ पासवान , लिपिक संतोष कुमार, टैक्स दरोगा मंटू कुमार, इंजीनियर अभिषेक कुमार सहित अन्य नगरकर्मी शामिल थे.




